नई दिल्ली
दिल्ली शराब घोटाले में सीएम अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत मिलने का ममता बनर्जी ने स्वागत किया है। बंगाल की सीएम ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर कहा कि इससे चुनाव में मदद मिलेगी। ममता बनर्जी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के जेल से बाहर आने से मैं खुश हूं। ममता बनर्जी ने एक्स पर लिखा, 'मुझे खुशी है कि अरविंद केजरीवाल को अंतरिम बेल मिल गई है। मौजूदा चुनाव के लिहाज से इस फैसले से काफी मदद मिलेगी।' सुप्रीम कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को राजनीतिक गतिविधियों में हिस्सा लेने की छूट देते हुए अंतरिम बेल दी है। इसका मतलब है कि लोकसभा चुनाव कैंपेन में शामिल होंगे।
अरविंद केजरीवाल और ममता बनर्जी के अच्छे रिश्ते माने जाते हैं। कई बार दिल्ली यात्रा के दौरान ममता बनर्जी की अरविंद केजरीवाल से मुलाकात हो चुकी है। यही नहीं पिछले दिनों जब टीएमसी के सांसदों ने दिल्ली में धरना दिया था तो आम आदमी पार्टी के नेता भी उनके समर्थन में पहुंचे थे। अरविंद केजरीवाल के जेल से निकलने के बाद अब दिल्ली समेत कई राज्यों में विपक्ष का उत्साह बढ़ सकता है। खासतौर पर दिल्ली, गुजरात, गोवा और पंजाब जैसे राज्यों में अरविंद केजरीवाल प्रचार के लिए पहुंचेंगे।
दिल्ली में वोटिंग 25 मई को है और पंजाब में 1 जून को मतदान होने वाला है। इस तरह अरविंद केजरीवाल को अंतरिम बेल मिलने से आम आदमी पार्टी को दोनों राज्यों में चुनाव प्रचार करने में फायदा मिलेगा। बता दें कि अरविंद केजरीवाल के जेल जाने के बाद विपक्षी एकता नजर आई थी। दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष ने एक बड़ी रैली की थी। इस रैली में हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पनी सोरेन और केजरीवाल की पत्नी सुनीता नजर आई थीं। दोनों महिला नेता सोनिया गांधी के साथ थीं और रैली को भी संबोधित किया था। अब अरविंद केजरीवाल की अंतरिम जमानत के बहाने में विपक्षी एकता फिर से मजबूत होती दिख सकती है।

More Stories
रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जाएंगे दिग्विजय सिंह, पूरा करेंगे अपना संकल्प
गुजरात चुनाव से पहले बड़ा दांव: केजरीवाल बोले- सरकार बनी तो महिलाओं को मिलेंगे ₹1000 हर महीने
करोड़ों के पर्दों के पीछे छिपी सच्चाई, ‘शीशमहल’ पर रेखा गुप्ता का करारा हमला