रांची
केरल के एर्नाकुलम थाने की पुलिस ने रांची के सुखदेवनगर पुलिस के सहयोग से चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए साइबर अपराधी लॉटरी लगाने के नाम पर रांची से देशभर के लोगों से ठगी कर चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के नवादा जिले के वारीसलिगंज निवासी ज्योतिष कुमार, मोहन कुमार, अजीत कुमार और रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इरगू टोली निवासी नीरज कुमार शामिल हैं।
इन आरोपियों के पास से पुलिस ने 45 एटीएम कार्ड, 23 स्मार्ट फोन, 30 बैंक पासबुक, एक लाख नगद, महंगी बाइक के अलावा कार बरामद की है। सुखदेवनगर थाना और एर्नाकुलम पुलिस ने चारों साइबर अपराधियों से पूछताछ की।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे लोग इरगू टोली में किराया का मकान लेकर एक साल से रह रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को यह भी जानकारी दी कि उनके गिरोह के सदस्य झारखंड समेत देशभर में हैं। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि चारों आरोपियों को एर्नाकुलम पुलिस अपने साथ ले जाएगी।
फर्जी कागजात से खोलते थे एकाउंट, मिलते थे 20 हजार
साइबर ठग गिरोह के सदस्य फर्जी कागजात के आधार पर विभिन्न बैंक में एकाउंट खोलते हैं। इस एवज में उन्हें गिरोह से 20 हजार रुपए मिलते हैं। इसके बाद गिरोह के सदस्यों द्वारा लॉटरी समेत अन्य तरह का झांसा देकर लोगों को ठगी की राशि उस खाते में डालते हैं। जिसे एटीएम कार्ड के माध्यम से निकासी कर संबंधित साइबर ठग तक वे पहुंचा देते हैं। इस एवज में उन्हें अलग से कमीशन भी मिलता है।
1.12 करोड़ की ठगी की
एर्नाकुलम की रहने वाली शोभा मेनन को साइबर अपराधियों ने डेढ़ करोड़ रुपए की लॉटरी निकलने का झांसा दिया। इस एवज में साइबर ठगों ने विभिन्न तरह से उनके खाते से 1.12 करोड़ रुपए उड़ा लिये। इस संबंध में शोभा ने एर्नाकुलम थाने में 26 जुलाई 2023 में प्राथमिकी दर्ज करायी थी। दर्ज प्राथमिकी के आधार पर एर्नाकुलम पुलिस शुक्रवार को रांची के सुखदेवनगर थाना पहुंची। सुखदेवनगर पुलिस के सहयोग से चारों अपराधी को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया।

More Stories
महिलाओं की सेहत का सुपरफूड है क्रैनबेरी, फायदे जानकर चौंक जाएंगे आप
बड़ा नाम और बड़ी सफलता चाहिए? स्टीव जॉब्स की ये 5 सीख ज़िंदगी बदल सकती हैं
अल्सर से कैसा डर! जानिए इलाज और बचाव के आसान तरीके