घर में पेड़-पौधे लगाने से न सिर्फ आसपास का वातावरण हरा-भरा रहता है, बल्कि घर का माहौल भी खुशनुमा और सकारात्मक बना रहता है. यही वजह है कि आज के समय में लोग बालकनी के साथ-साथ छत पर भी गमले सजाकर अपनी छत को एक खूबसूरत मिनी-गार्डन में बदल रहे हैं.
लेकिन क्या आप जानते हैं कि वास्तु शास्त्र में घर की छत पर पौधे रखने को लेकर कुछ खास नियम बताए गए हैं? पौधों की सही दिशा, उनकी उचित संख्या और सही रखरखाव का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. वास्तु के अनुसार, सही जगह और दिशा में लगाए गए पौधे घर में सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं, जबकि छोटी-सी भूल या गलत दिशा वास्तु दोष का कारण बन सकती है. आइए जानते हैं छत पर gardening करते समय किन बातों का खास ख्याल रखना चाहिए:
दिशा का रखें विशेष ध्यान: वास्तु नियमों के अनुसार, छत पर पौधे हमेशा सही दिशा में ही रखने चाहिए. ऐसा करने से घर में ऊर्जा का संतुलन बना रहता है. गमले जमाने से पहले यह जरूर परख लें कि वे किस दिशा में रखे जा रहे हैं और वहां धूप व जगह की स्थिति कैसी है.
पूर्व, उत्तर और ईशान कोण (उत्तर-पूर्व): छत पर छोटे, हल्के और फूल वाले पौधे हमेशा पूर्व, उत्तर या उत्तर-पूर्व (ईशान कोण) दिशा में लगाने चाहिए. यह दिशा सकारात्मक ऊर्जा और सुख-समृद्धि लाती है. तुलसी, गेंदा, पुदीना या अन्य औषधीय पौधों को इसी दिशा में रखना सबसे शुभ माना जाता है.
दक्षिण और पश्चिम दिशा: अगर आप छत पर बड़े, ऊंचे या भारी गमले वाले पौधे लगा रहे हैं, तो उनके लिए दक्षिण या पश्चिम दिशा सबसे उत्तम होती है. वास्तु के अनुसार, भारी चीजों को दक्षिण या पश्चिम में रखने से घर में स्थिरता आती है, यह नकारात्मक ऊर्जा को रोकता है.
बीच का हिस्सा (ब्रह्मस्थान): छत के बिल्कुल बीचों-बीच (ब्रह्मस्थान) कोई भी भारी गमला या बड़ा पौधा रखने से बचना चाहिए. इस जगह को हमेशा साफ और खुला रखना वास्तु में अच्छा माना जाता है.
कांटेदार पौधों से बचें: छत पर कैक्टस या अन्य कांटेदार पौधे (गुलाब को छोड़कर) लगाने से बचना चाहिए, क्योंकि वास्तु में इन्हें तनाव और नकारात्मकता का कारण माना जाता है.
बहुत ज्यादा या भारी गमले लगाने से बचें: अपनी पूरी छत को गमलों से बिल्कुल न भरें. वास्तु के लिहाज से छत पर अत्यधिक भीड़ या बहुत ज्यादा भारी गमलों की संख्या अधिक होना अच्छा नहीं माना जाता. पौधों के बीच पर्याप्त खुली जगह छोड़ना हमेशा बेहतर होता है.
सूखे और मुरझाए पौधों को तुरंत हटाएं: घर या छत पर कभी भी सूखे, टूटे या मुरझाए पौधे लंबे समय तक न रखें. वास्तु शास्त्र में इन्हें नकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है. इसलिए पौधों की नियमित देखभाल करें और कोई भी पौधा सूखने पर उसे तुरंत हटा दें.
सही पौधों का चुनाव और मेंटेनेंस: छत पर हमेशा ऐसे पौधों का चयन करें जिन्हें पर्याप्त धूप मिल सके, जिनकी देखभाल आसानी से हो सके. बहुत ज्यादा फैलने वाले या अत्यधिक भारी पौधों को लगाने से पहले उनकी ग्रोथ और छत के भार का उचित ध्यान रखें.

More Stories
Vastu Tips: घर में इन जगहों पर रखें नमक, दूर रहेगी नकारात्मकता और बनेगा सकारात्मक माहौल
Karwa Chauth 2026: 29 अक्टूबर को रखा जाएगा व्रत, जानें पूजा मुहूर्त और चंद्रोदय का समय
मृत्यु के बाद आत्मा के साथ क्या होता है? गरुड़ पुराण में बताए गए हैं ये रहस्य