कोलकाता
वंश बढ़ाने की चाह में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी का दूसरों से जबरन सहवास करवाया। पत्नी दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कराने थाने गई तो पुलिस ने कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने कलकत्ता हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। न्यायाधीश अमृता सिन्हा ने मामले पर सुनवाई करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए मामले पर रिपोर्ट मांगी है। मामले पर अगली सुनवाई 30 जुलाई को होगी।
वंश बढ़ाना चाहता था पति
अदालत सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक घटना कोलकाता से सटे दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर इलाके की है। वहां रहने वाले एक दंपती थैलेसीमिया से पीड़ित हैं। उनकी दो संतानों की थैलेसीमिया से कम उम्र में मौत हो गई थी। उसके बाद पत्नी फिर से गर्भधारण नहीं करना चाहती थी, जबकि पति अपना वंश बढ़ाना चाहता था। इस खातिर उसने अपने परिचित ऐसे तीन लोगों को चुना, जो थैलेसीमिया से पीड़ित नहीं थे।
तीन के साथ सहवास कराने पर किया मजबूर
पहले के साथ पत्नी का जबरन सहवास कराने पर जब वह गर्भवती नहीं हुई तो दूसरे और फिर तीसरे के साथ ऐसा करने के लिए मजबूर किया।
न्यायाधीश ने पुलिस से किया सवाल
न्यायाधीश सिन्हा ने पुलिस से सवाल किया कि आरोपित पति को हिरासत में क्यों नहीं लिया गया? इतने गंभीर आरोप को हल्के में क्यों लिया गया? न्यायाधीश ने बारुईपुर थाने का गत 12 व 13 जून का सीसीटीवी फुटेज भी संरक्षित करने को कहा है। महिला उक्त दो दिन वहां प्राथमिकी दर्ज कराने गई थी।

More Stories
मुंबई में बारिश का कहर! सड़कों पर घुटनों तक पानी, रेलवे ट्रैक डूबे, स्कूल-कॉलेज बंद
अफगानिस्तान–पाकिस्तान तनाव बढ़ा: ISIS ठिकानों पर तालिबान के ड्रोन हमले
उत्तराखंड: सीएम धामी ने 5 साल पूरे किए, 2035 तक विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य