नई दिल्ली
अयोध्या का राम मंदिर परिसर अंतरिक्ष से कैसा दिखता है? इसरो के राष्ट्रीय रिमोट सेंसिंग सेंटर (NRSC) ने रविवार को इसकी तस्वीरें शेयर कीं। ये फोटोज स्पेस एजेंसी ने स्वदेशी उपग्रहों से कैप्चर किए हैं। इनके जरिए एक तरह से अंतरिक्ष से भव्य राम मंदिर का दर्शन किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि यह पहली बार है जब अंतरिक्ष से राम मंदिर की तस्वीर ली गई है। ISRO की ओर से जारी की गई तस्वीरों में राम मंदिर के साथ ही अयोध्या का बड़ा हिस्सा देखा जा सकता है। इनमें रेलवे स्टेशन भी नजर आ रहा है।
राम मंदिर के दाहिनी ओर दशरथ महल बना है, उसे भी फोटो में देखा जा सकता है। इनमें सरयू नदी और उसका किनारा भी खूबसूरत दिख रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, ये तस्वीरें करीब एक महीने पहले 16 दिसंबर, 2023 को ली गई थीं। मगर, इसके बाद सेटेलाइट से फोटो नहीं ली जा सकी क्योंकि कोहरा बहुत ज्यादा था। मालूम हो कि भारत के पास अंतरिक्ष में 50 से ज्यादा उपग्रह हैं। अगर इसकी क्षमता की बात करें तो ये एक मीटर से कम आकार की वस्तु की भी साफ तस्वीर ले सकती हैं।
फूलों और रोशनी से सज गई अयोध्या
बता दें कि 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। इस समारोह के लिए अयोध्या स्थित राम मंदिर को इस भव्य आयोजन के लिए पुष्पों और विशेष रोशनी से सजाया गया है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले भगवान राम की नई मूर्ति गुरुवार की दोपहर राम जन्मभूमि मंदिर के गर्भगृह में रखी गई। मैसूर स्थित मूर्तिकार अरुण योगीराज की बनाई गई 51 इंच की रामलला की मूर्ति को ट्रक से यहां लाया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई अन्य गणमान्य अतिथि 22 जनवरी को मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे।

More Stories
भारत मंडपम में 7वें एग्रीवोल्टाइक वर्ल्ड कॉन्फ्रेंस का केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया शुभारंभ
Jio Vs Starlink: भारत में कब शुरू होगी जियो की सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस? आकाश अंबानी ने दिया बड़ा संकेत
SBI Data Breach: स्टेट बैंक के 3,897 ग्राहकों का डेटा डार्क वेब पर लीक, बैंक ने की पुष्टि