भोपाल/मंदसौर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शनिवार सुबह एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बच गए। दरअसल गांधी सागर अभयारण्य में हॉट एयर बैलून एक्टिविटी के दौरान उनके बैलून के निचले हिस्से में अचानक आग लग गई। घटना के समय मुख्यमंत्री बैलून के भीतर ही मौजूद थे। हालांकि, आग भडक़ते ही सुरक्षाकर्मियों द्वारा तुरंत ही मुख्यमंत्री यादव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसी के साथ आग पर भी काबू पा लिया गया।
मुख्यमंत्री डॉ यादव गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट शनिवार सुबह पहुंचे थे और यहां उन्होंने बोटिंग का लुत्फ भी लिया था। इसके बाद मुख्यमंत्री मंदसौर सांसद सुधीर गुप्ता के साथ हॉट एयर बैलून के सफर का रोमांच लेने निकले थे। इसी बीच यह हादसा हो गया। दुर्घटना के प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि जब मुख्यमंत्री डॉ यादव बैलून में सवार हुए, उस समय हवा तेज हो गई और बैलून के निचले हिस्से में आग लग गई। हॉट एयर बैलून एक्सपर्ट की मानें तो सुबह 6 से 7.30 बजे का समय हवा की रफ्तार न के बराबर होती है। चूंकि हॉट एयर बैलून में हवा की रफ्तार जीरो होनी चाहिए, अत: यह समय उचित माना जाता है। दुर्घटना जब हुई उस वक्त हवा की रफ्तार करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटा थी। हवा के तेज रुख के चलते बैलून उड़ान नहीं भर पाया और इसी दौरान आग ने बैलून के निचले हिस्से को अपने शिकंजे में ले लिया। आगे और तेज भडक़ती और कोई बड़ा हादसा होता इससे पहले ही मुख्यमंत्री यादव को सकुशल हॉट ऐयर बैलून से बाहर निकाल लिया गया।
मंदसौर कलेक्टर अदिती गर्ग का कहना है सुरक्षा मानकों में कोई चूक नहीं हुई। प्रशासन का कहना है मुख्यमंत्री केवल हॉट एयर बैलून को देखने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि कुछ माध्यमों में भ्रामक जानकारी प्रसारित की जा रही है। सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था। नागरिक अफवाहों पर ध्यान न दें।

More Stories
MP में गिद्धों की संख्या 14 हजार पार, पन्ना में लाल सिर वाले और वन विहार में सफेद पीठ वाले गिद्ध; 10 साल में दोगुने
सीहोर में महादेव की होली, पंडित मिश्रा बोले—नबाव ने रोकी थी, हमने फिर शुरू की; अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध पर कहा—अब शांति हो
MP में तापमान 37°C पार, सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा; इंदौर-उज्जैन संभाग सबसे गर्म, होली पर भी गर्म रहे भोपाल और ग्वालियर-जबलपुर