अहमदाबाद
गुजरात के आणंद जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है. यहां अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेस-वे पर ट्रक और लग्जरी बस की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के मुताबिक, यह लग्जरी बस महाराष्ट्र से राजस्थान जा रही थी तभी सुबह करीब साढ़े चार बजे आणंद के पास एक्सप्रेस हाईवे पर यह हादसा हुआ है. इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोगों की अस्पताल में इलाज के दौरान जान चली गई. सभी घायलों को आणंद के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
पंचर खड़ी थी बस, तभी ट्रक ने मार दी टक्कर
जब ये हादसा हुआ, उस समय लग्जरी बस पंचर हो गई थी और हाईवे के किनारे खड़ी हुई थी. ड्राइवर, क्लीनर और यात्री बस के नीचे खड़े हुए थे तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने बस में टक्कर मार दी. इस भयानक हादसे में छह लोगों की जान चली गई. हाईवे पर सड़क हादसे की खबर मिलते ही आणंद फायर ब्रिगेड, एक्सप्रेस हाईवे पेट्रोलिंग की टीम और आणंद रूरल पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और यात्रियों का रेस्क्यू कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया.
हाल के दिनों में कई सड़क हादसे
इससे पहले 12 जुलाई को भी गुजरात के पाटन जिले में एक बस और एक ट्रक की टक्कर हो गई थी. इस दुर्घटना में कम से कम 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी. जबकि 2 लोग घायल हो गए थे. टक्कर राधनपुर कस्बे के खारी पुल के पास हुई थी. सामने से आ रही ट्रक ने बस को टक्कर मारी थी. इस हादसे में बस का ड्राइवर और कंडक्टर मारा गया था. साथ ही ट्रक के ड्राइवर और क्लीनर की भी जान चली गई थी.
7 जुलाई को गुजरात के ही डांग जिले में एक निजी पर्यटक बस खाई में गिर गई थी. इसके कारण 2 बच्चों की मौत हो गई थी और 5 लोग घायल हो गए थे. इस हादसे का एक वीडियो भी सामने आया था.

More Stories
दिल्ली-NCR में बढ़ते रेप मामलों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा- अपराधियों के मन में डर पैदा करना होगा
रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने में भारत की बड़ी पहल, क्या अमेरिका को पछाड़कर शांति का रास्ता बनाएगा इंडिया?
ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगना पड़ा भारी! प्रदर्शन में बुजुर्ग की मौत, अभिजीत दीपके पर चलेगा मर्डर केस?