नई दिल्ली
भारत के अपने पेमेंट सिस्टम यूपीआई (UPI) को ग्लोबल बनाने में बड़ी सफलता मिली है. यूपीआई को फ्रांस की राजधानी पेरिस में स्थित एफिल टावर से ग्लोबल लॉन्च किया गया. इस महत्वपूर्ण पर्यटक केंद्र एफिल टावर से हुई इस शुरुआत से यूपीआई को बड़ी पहचान मिलेगी. इसके साथ ही फ्रांस यूपीआई शुरू करने वाला पहला देश बन गया है.
पूरे फ्रांस में शुरू होगा यूपीआई पेमेंट
एनपीसीआई (NPCI) की विंग एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स (NIPL) ने यूपीआई को लॉन्च करने के लिए फ्रांस की ईकॉमर्स और पेमेंट्स प्रोवाइडर लायरा (Lyra) से पार्टनरशिप की है. इसके तहत पूरे फ्रांस में यूपीए पेमेंट किया जाएगा. एफिल टावर से इसकी शुरुआत कर दी गई है. फ्रांस में यूपीआई की शुरुआत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह यूपीआई को ग्लोबल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.
भारतीय पर्यटकों को होगी सुविधा
पेरिस के एफिल टॉवर को देखने जाने वाले इंटरनेशनल टूरिस्ट में भारतियों की संख्या दूसरे नंबर पर आती है. अब यह लोग इस मशहूर पर्यटन स्थल पर यूपीआई पेमेंट सेवा का लाभ उठा सकेंगे. यूपीआई पेमेंट सिस्टम को शुरू करने वाला पहला देश फ्रांस बन गया है. इस पेमेंट सिस्टम की मदद से फ्रांस में पर्यटन बढ़ने की पूरी उम्मीद है. आशा जताई जा रही है कि फ्रांस के बाद अन्य यूरोपीय देश भी यूपीआई को स्वीकार सकते हैं. इससे देश में डिजिटल ट्रांजेक्शन को बढ़ाने में भी मदद मिलेगी. भारतीय टूरिस्ट अब एफिल टावर पर आसानी से यूपीआई के जरिए भुगतान कर पाएंगे. वहां क्यूआर कॉड लगाए गए हैं.
पूरे देश में फैल चुका है यूपीआई
यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) एक भारतीय भुगतान सिस्टम है. इसे 2016 में नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) द्वारा शुरू किया गया था. इसकी मदद से सिर्फ क्यूआर कोड स्कैन कर अपने बैंक खाते से कहीं भी आसानी से और तुरंत पेमेंट किया जा सकता है. भारत में यूपीआई पेमेंट की सुविधा हर छोटे-बड़े मर्चेंट और शहरों से लेकर गांवों तक में फैल चुकी है.

More Stories
अमेरिका में तेल संकट गहराया, 1982 के बाद सबसे निचले स्तर पर पहुंचा रणनीतिक भंडार
8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग में 140% सैलरी बढ़ने का दावा क्यों? समझें पूरा गणित
RSS को हिंदुत्व की बढ़ती धमक का श्रेय, विजयादशमी उत्सव में बोले संजय गुप्त