मोहन सरकार ने कई अहम प्रस्तावों को दी मंजूरी-प्रति न्यायालय एक अभियोजक के सिद्धांत पर 610 पदों को दी स्वीकृति
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को राज्यमंत्रालय में हुई मंत्रि-परिषद (कैबिनेट) की बैठक में कई अहम फैसले लिये गये। कैबिनेट द्वारा उज्जैन-इंदौर-पीथमपुर लाइन के प्रथम चरण में श्रीमहाकालेश्वर उज्जैन लवकुश चौराहा, इंदौर एवं द्वितीय चरण में लवकुश चौराहा से पीथमपुर, मेट्रो रेल परियोजना की डीपीआर बनाने के कार्य के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड को परामर्श शुल्क 9 लाख रूपये प्रति किमी की दर (जीएसटी के अनुसार) के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।
कैबिनेट ने प्रदेश में संचालित क्राइम एण्ड क्रिमिनल ट्रेकिंग नेटवर्क एण्ड सिस्टम (सीसीटीएनएस) प्रोजेक्ट के सतत् क्रियान्वयन एवं संचालन के लिए 5 वर्षों (वर्ष 2021-22 से 2025-26) के लिए स्वीकृत लागत 102 करोड़ 88 लाख रुपये की योजना में ई-विवेचना ऐप के लिए 75 करोड़ रुपये से 25 हजार टैबलेट क्रय करने की स्वीकृति दी। संशोधित/विस्तारित (सीसीटीएनएस) योजना की कुल राशि 177 करोड़ 87 लाख 51 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान गयी। बता दें कि प्रदेश के सभी पुलिस थानों में सीसीटीएनएस प्रोजेक्ट 2012 से स्वीकृति है। नए चरण में सभी विवेचना अधिकारियों को इलेक्ट्रॉनिक टेबलेट दिया जाएगा। इसके लिए ई-विवेचना ऐप बनाया गया है। प्रथम चरण में 1732 टेबलेट खरीदे गए हैं।
610 नवीन पदों की स्वीकृति
कैबिनेट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के प्रभावी क्रियान्वयन, आपराधिक न्याय प्रशासन के सुचारू संचालन एवं प्रदेश के सभी दण्ड न्यायालयों के समक्ष प्रति न्यायालय एक अभियोजक के सिद्धांत अनुसार अभियोजकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लोक अभियोजन संचालनालय के तहत 610 नवीन पदों की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके लिये अतिरिक्त लोक अभियोजक के 185 पद, अतिरिक्त जिला अभियोजन अधिकारी के 255 पद, सहायक जिला अभियोजन अधिकारी के 100 पद और सहायक कर्मचारी के 70 पदों का सृजन किया गया है। पद सृजन पर तीन वर्ष में लगभग 60 करोड़ रुपए का खर्च आयेगा।
प्रतिस्पर्धात्मक आधार पर विद्युत क्रय किये जाने का निर्णय
कैबिनेट में प्रदेश में स्थापित की जाने वाली 4000 (3200+800 मेगावाट ग्रीनशू) मेगावाट क्षमता की प्रस्तावित नवीन ताप विद्युत परियोजनाओं से प्रतिस्पर्धात्मक आधार पर विद्युत क्रय के लिए जारी निविदा अंतर्गत चयनित तीन विकासकों से क्रमश: 800 मेगावाट, 1600 मेगावाट एवं 800 मेगावाट विद्युत क्रय के लिए स्वीकृति प्रदान की गई। एम.पी. पॉवर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड द्वारा चयनित विकासकों से अतिरिक्त 800 मेगावाट विद्युत का क्रय ग्रीनशू प्रावधान का उपयोग कर, निविदा की शर्तों एवं म.प्र. विद्युत नियामक आयोग द्वारा प्रदत्त स्वीकृति के अनुसार किया जायेगा। उक्त स्वीकृति के पालन में अग्रिम कार्यवाही एवं म.प्र. विद्युत नियामक आयोग के समक्ष टैरिफ स्वीकृति के लिए याचिका दायर करने के लिए एम.पी. पॉवर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड को अधिकृत किया गया है।
कैप्टिव मोड पर सौर ऊर्जा और पवन ऊर्जा परियोजना स्थापित करने का अनुमोदन
कैबनेट द्वारा मध्यप्रदेश जल निगम की समूह ग्राम पेयजल प्रदाय योजनाओं के संचालन-संधारण व्यय को कम करने के लिए प्रदेश में सौर ऊर्जा परियोजना एवं पवन ऊर्जा परियोजना स्थापित किए जाने की स्वीकृति दी गयी। स्वीकृति अनुसार प्रदेश में 100 मेगावाट सौर उर्जा एवं 60 मेगावाट पवन उर्जा परियोजना कैप्टिव मोड पर स्थापित किए जाने, निविदा से प्राप्त दरों पर विद्युत् क्रय किए जाने एवं उत्पादित विद्युत देयकों के भुगतान की सुनिश्चितता के लिए भुगतान सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत 6 माह का रिवोल्विंग लेटर ऑफ क्रेडिट जारी किए जाने के लिए अनुमोदन दिया गया। इसके अलावा कैबिनेट द्वारा मध्यप्रदेश जल निगम द्वारा 35 हजार से अधिक ग्रामों के 75 लाख परिवारों को पेयजल 60,786 करोड़ रुपए की लागत से 147 समूह ग्राम पेयजल प्रदाय योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। उक्त परियोजनाओं के लिये निजी भागीदारी के माध्यम से क्रियान्वयन किए जाने के लिये 24 मार्च 2025 को सैद्धांतिक सहमति दी गई है।

More Stories
रातापानी में बनेंगे चार एनीमल ओवरपास, 10 साल में मिडघाट में 10 तेंदुए और 9 बाघ हुए मृत
धार में महिला नसबंदी कैंप विवादित: हर 2 मिनट में ऑपरेशन, 180 महिलाएं जमीन पर लिटाई गईं
रीवा में पत्नी का 13 मिनट का प्राइवेट वीडियो वायरल करने वाला गिरफ्तार, दहेज विवाद में कट्टा लेकर पहुंचा था ससुराल