November 25, 2026

गुजरात हाईवे पर उतरे भारतीय सेना के चार विमान, माउंटेन ईगल्स अभियान ने रचा इतिहास

 इंदौर
 भारतीय सेना के साहसिक हवाई अभियान 'वीरता और एकता की उड़ान' में 24 नवंबर को ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ गई।सेना की 'टीम माउंटेन इंगल्स' के चारों विमानों ने गुजरात में राष्ट्रीय राजमार्ग-754के (अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर) पर सफलतापूर्वक लैंडिंग और टेकऑफ किया।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर चारों विमानों का उतरना और फिर उड़ान भरना सेना और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के बीच समन्वय का महत्वपूर्ण उदाहरण बना। एनएचएआई ने सेना और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर इस गतिविधि के लिए सुरक्षा इंतजाम और यातायात प्रबंधन किया।

दरअसल, भारतीय सेना की माइक्रोलाइट एवं पावर्ड हैंग ग्लाइडिंग एडवेंचर टीम 'माउंटेन ईगल्स' ने 14 नवंबर को महू से 3100 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय हवाई अभियान की शुरुआत की थी।

मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (एमसीटीई), महू के आर्मी एडवेंचर नोडल सेंटर द्वारा आयोजित इस अभियान को लेफ्टिनेंट जनरल प्रवीण बख्शी, वीएसएम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। अभियान का उद्देश्य एयरी-एडवेंचर गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ सेना की साहसिक क्षमता प्रदर्शित करना है।

चार विमानों का समूह कर रहा हवाई सफर
अभियान में दो फिक्स्ड-विंग माइक्रोलाइट विमान और दो फ्लेक्सिबल-विंग पावर्ड हैंग ग्लाइडर शामिल हैं। चारों विमानों का दल पश्चिमी और मध्य भारत के विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों और मौसमी परिस्थितियों से गुजरते हुए करीब 3100 किलोमीटर की क्रास-कंट्री उड़ान पूरी कर रहा है।

प्रस्तावित हवाई मार्ग में मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान के कई शहर और स्थान शामिल है। इनमें झाबुआ, वडोदरा, भावनगर, दीव, पोरबंदर, जामनगर, मुंद्रा, भुज, गांधीनगर, मेहसाणा, आबू रोड, उदयपुर, कोटा, शिवपुरी, झांसी, खजुराहो, धाना सागर और भोपाल प्रमुख है। अभियान के दौरान करीब 24 हवाई पट्टियों पर विमानों को उतारने की योजना है।