रायपुर
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से राज्य अतिथि गृह पहुना में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी के पिता श्री सुभाष त्रिपाठी ने सौजन्य मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने बताया कि शहीद कर्नल श्री विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा रायगढ़ में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम के सामने स्थापित की गई है। साथ ही स्मृति पट भी स्थापित की गई है। श्री त्रिपाठी ने प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने मुख्यमंत्री को निमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि रायगढ़ जिले के वीर सपूत शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी ने देश की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया है। उनकी शहादत हमेशा हमारा मार्गदर्शन करेगी। उनकी प्रतिमा अनावरण के अवसर पर उपस्थित होना मेरे लिए गौरव की बात होगी। इस दौरान शहीद कर्नल त्रिपाठी के मामा श्री राजेश पटनायक एवं गोकुल पटनायक भी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि कर्नल त्रिपाठी ने वर्ष 2003 में कुमाऊं रेजीमेंट में कमीशन लिया था। वे सियाचिन, कुपवाड़ा, नौशेरा, कांगो, मथुरा, वेलिंगटन आदि विभिन्न पदस्थापना में कार्यरत रहे। 13 नवंबर 2021 को म्यांमार सीमा से लगे बिहांग में अलगाववादी समूहों द्वारा घात लगाकर किये गये हमले में अपने जवानों को बचाते हुए अंतिम गोली तक मुकाबला करते हुए अपनी पत्नी अनुजा एवं बेटे अबीर के साथ वीरगति को प्राप्त हुए।

More Stories
रायपुर में रात 8:18 बजे निकलेगा करवा चौथ का चांद, बादल बने बाधा तो क्या करें? जानें उपाय
बैलाडिला बुल्स ने दर्ज की पहली जीत, सेमीफाइनल की आस बाकी
जल जीवन मिशन के अंतर्गत विगत तीन वर्षों में 6,836 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान