लंदन
ब्रिटेन में भारतीय मूल के डॉक्टर को यौन अपराध से जुड़े 115 मामलों का दोषी पाया गया है और उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। 53 वर्षीय मेडिकल प्रैक्टिशनर की पहचान मनीष शाह के तौर पर हुई है। वह पूर्वी लंदन के रोमफोर्ड में मावनी रोड के पास जनरल प्रैक्टिशनर के तौर पर काम करते थे। मनीष अपने पास आने वाली महिला मरीजों के मन में कैंसर की आशंका का डर भर देते थे। साथ ही वह उनकी ब्रेस्ट जांच करने के लिए एंजेलीना जोली और रियलिटी टीवी स्टार जेड गुडी जैसी मशहूर हस्तियों का उदाहरण भी देते थे।
भारतीय मूल के डॉक्टर पर लगे आरोपों की सोमवार को ओल्ड बेली कोर्ट में सुनवाई हुई। जहां जज रूक ने मुकदमे की समाप्ति के बाद मनीष शाह को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इस दौरान अदालत को बताया गया कि वह बिना किसी गंभीर समस्या के ही महिला मरीजों को डरा देते थे। वह उनका यौन परीक्षण करने के लिए उन्हें राजी कर लेते थे। जांच के दौरान पीड़ित महिलाओं में एक समान पैटर्न पाया गया। वह महिलाओं से इस तरह की जांच के लिए सहमति हासिल कर लेते थे जिससे वे उन्हें गलत तरीके से छू सकें। मामले की सुनवाई के दौरान मनीष शाह को 'धोखे का मास्टर' बताया गया।
कई पीड़ित लड़कियां 15 साल से कम उम्र की
प्रॉसिक्यूटर रील कार्म जोन्स ने अदालत को बताया कि मनीष इसके लिए 'कमजोर महिलाओं' का चयन करते थे। वह उनका विश्वास हासिल करने के लिए उनकी खूब तारीफ भी करते थे। 24 से अधिक ऐसी पीड़ित लड़कियां भी सामने आई हैं जिनकी उम्र 15 साल से कम है। कई पीड़ितों का कहना है कि जांच का अनुभव उन्हें बहुत ही आहत करने वाला था। जांच के बाद पीड़ित महिलाएं ऐसा सोचती थीं कि फिर कभी इस अनुभव से न गुजरना पड़े।
मेडिकल रिकॉर्ड्स के साथ भी छेड़छाड़ का दोषी
मनीष शाह को मेडिकल रिकॉर्ड्स के साथ छेड़छाड़ करने का भी दोषी पाया गया है। वह इस तरह के डॉक्युमेंट्स पेश करता था जिससे यह साबित हो कि महिला मरीज ने खुद ही अंतरंग जांच की अपील की थी। डॉक्टर के पास इस तरह के कागजात भी थे जिससे वह दिखाता था कि जांच के समय संरक्षक साथ मौजूद था। मालूम हो कि एंजेलीना जोली को ब्रेस्ट कैंसर का खतरा होने की जानकारी मिली थी, जिसे देखते हुए 2018 में उनकी डबल मास्टेक्टॉमी हुई थी। दोषी डॉक्टर अपनी महिला मरीजों की इसी तरह की सेलिब्रिटीज के उदाहरण देकर अंतरंग जांच के लिए राजी कर लेता था।

More Stories
अफगानिस्तान ने बदला रास्ता, पाकिस्तान को अरबों डॉलर के व्यापार का झटका
ईरान में दिग्गज सुन्नी मौलवी मोहम्मद अनवर की हत्या, जुमे की नमाज की अगुवाई करने वाले धर्मगुरु पर हमला
Hormuz Ship Blast: होर्मुज जलडमरूमध्य में दो जहाजों में धमाका, एक में तेल-LPG तो दूसरे में खाद थी लदी