भोपाल। मध्यप्रदेश में अपराधियों के हौंसले किस कदर बढ़े हुए हैं, इस घटना से अंदाजा लगाया जा सकता है कि अब मप्र के रीवा जिले में पदस्थ प्रथम व्यवहार न्यायाधीश मोहिनी भदौरिया को डाक से धमकी भरा पत्र मिला है, जिसमें उनसे 500 करोड़ रुपये की प्रोटेक्शन मनी मांगी गई है। पत्र में लिखा गया कि रकम न देने पर जान से मार दिया जाएगा।
जानकारी अनुसार यह धमकी भरा पत्र उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के बारा थाना क्षेत्र के लोहगारा निवासी संदीप सिंह द्वारा भेजा गया है। आरोपी ने खुद को दस्यु सरगना हनुमान गिरोह का साथी बताया है। पत्र में लिखा गया कि जज साहिबा को रकम लेकर 1 सितंबर की शाम 7 बजे यूपी-एमपी बॉर्डर के बडग़ड़ जंगल में आना होगा। इस मामले की शिकायत सोहागी थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। रीवा एसपी विवेक सिंह ने मीडिया को बताया कि पत्र रजिस्ट्री के माध्यम से भेजा गया था और इसमें पांच सौ करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है। पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में उत्तर प्रदेश रवाना हो गई है।
क्यों लिखा गया धमकी भरा पत्र
फिरौती की इतनी बड़ी मांग के पीछे की असली वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही खुलासा होगा कि उसने यह पत्र क्यों लिखा और क्या उसकी कोई आपराधिक पृष्ठभूमि है। यह मामला मध्य प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि पहली बार किसी न्यायाधीश को इतनी बड़ी रकम की फिरौती के लिए सीधे पत्र भेजकर धमकाया गया है।

More Stories
सोनम रघुवंशी की फेरों वाली साड़ी होली में जलाई, राजा रघुवंशी हत्याकांड पर परिवार का बड़ा फैसला
एक अप्रैल से जबलपुर के स्कूली वाहनों में एलपीजी किट पर लगेगा प्रतिबंध
उज्जैन में दर्दनाक हादसा: तालाब में नहाने उतरे दो नाबालिगों की डूबने से मौत, राघौ पिपलिया में मातम