कहा-दीपावली की भाईदूज से लाड़ली बहनों को हर माह दिये जायेंगे 1500 रूपये
भोपाल/आगर मालवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश की सभी बहनें हमारा मान हैं, सम्मान हैं, अभिमान हैं। बहनों के बिना यह संसार सूना है। उन्होंने कहा कि जीवन तो नश्वर है, पर भाई-बहन का ये स्नेहिल रिश्ता शाश्वत है। जब तक संसार है, यह अनमोल और अटूट रिश्ता भी अजर-अमर ही रहेगा। उन्होंने कहा कि हमने बहनों को उनका हर वाजिब हक दिलाया है। बहनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को आगर मालवा जिले के बाबा बैजनाथ महादेव धाम में श्रावण पर्व के अवसर पर आयोजित भव्य रक्षाबंधन कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने बहिनों से राखी बंधवाई और उन्हें उपहार दिये। कार्यक्रम में आगर-मालवा विधायक माधौसिंह गेहलोत, शाजापुर विधायक अरूण भीमावद, ओम मालवीय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में जिले के स्व-सहायता समूहों, स्कूल की बेटियां-बहनें भी उपस्थित थीं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली बहनों से कहा कि विरोधी लोगों की बातों में कभी न आएं। प्रदेश की कोई भी जनकल्याणकारी योजना बंद नहीं होगी। अभी बहनों को हर महीने 1250 रूपए मिल रहे हैं। इसी रक्षाबंधन को 250 रूपए शगुन के रूप में दिए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली दीपावली की भाईदूज से लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रूपए दिए जाएंगे। इसी तरह साल दर साल राशि बढ़ाते हुए वर्ष 2028 तक हमारी सरकार बहनों को 3000 रूपए महीने देगी। उन्होंने कहा कि बहनों के लिए सब कुर्बान है, बहनों के लिए हम कोई कमी नहीं कखेंगे।
आगर-मालवा में हो रहा 4 हजार करोड़ का निवेश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आगर-मालवा जिले की तकदीर और तस्वीर जल्दी बदलने वाली है। यहां करीब 4 हजार करोड़ का निवेश हो रहा है। यहां आलू से जुड़े उत्पादों का बड़ा कारखाना स्थापित होने वाला है। जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। किसानों को उनके द्वारा उगाए जा रहे आलू की लागत से चार गुना ज्यादा कीमत मिलेगी।

More Stories
मिस्ट्री डेथ बनी पहेली: होटल से युवक बाहर नहीं निकला, फिर छात्रा ने कैसे लगा ली फांसी?
उमरिया के स्कूल में छात्राओं के झूमने से फैली दहशत, डॉक्टर बोले– नॉर्मल; ग्रामीणों ने कराई झाड़-फूंक
लोकायुक्त का शिकंजाः रिश्वत की दूसरी किस्त लेते पटवारी रंगे हाथों गिरफ्तार