उज्जैन
महाकाल मंदिर तक पहुंचने के लिए रुद्रसागर पर नया पुल बन गया है जिसका भक्तों को अब खास रास्ता मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 15 फरवरी को उज्जैन का दौरा करेंगे। इस दौरान वह महाकाल मंदिर तक पहुंचने के लिए रुद्रसागर पर बनाए गए पैदल पुल का लोकार्पण करेंगे। यह पुल उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा 25 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से बनाया गया है। मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में शाम 7 बजे पुल पर मौजूद रहकर इसे जनता के लिए खोलेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री नगर निगम द्वारा दशहरा मैदान पर बनाए गए राजाभाऊ महाकाल स्टेडियम का भी लोकार्पण करेंगे जिसकी लागत 4 करोड़ 43 लाख रुपये है। वहीं मोती नगर में श्रीकृष्ण आश्रय सभा मंडप का लोकार्पण भी करेंगे जिसकी लागत 4 करोड़ 33 लाख रुपये है। इसके अलावा त्रिवेणी शनि मंदिर के पास बने हाल का भी उद्घाटन किया जाएगा।
लोकार्पण के बाद शुरू हो जाएगी आवाजाही
मुख्यमंत्री के लोकार्पण के बाद रुद्रसागर पर बने पैदल पुल से आवाजाही शुरू हो जाएगी। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने बताया कि प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है और उद्घाटन के बाद श्रद्धालु आसानी से इस पुल का उपयोग कर सकेंगे।
महाकाल मंदिर तक पहुंचने के लिए नौवां रास्ता तैयार
इस नए पुल के बनने से महाकाल मंदिर तक पहुंचने का नौवां रास्ता तैयार हो गया है। श्रद्धालु अब शक्ति पथ पर पिनाकी द्वार से आगे माधवगंज स्कूल के सामने से रुद्रसागर पर बने पुल से होकर महाकाल महालोक में मानसरोवर भवन के सामने पहुंच सकेंगे और सीधे महाकाल मंदिर में प्रवेश कर पाएंगे।
यह पुल 200 मीटर लंबा और छह मीटर चौड़ा है। पुल के मध्य में 19 मीटर चौड़ी जगह है जहां श्रद्धालु कुछ समय रुक कर रुद्रसागर और आसपास की खूबसूरती का आनंद ले सकेंगे। इसी जगह से महाकाल मंदिर के शिखर के दर्शन भी किए जा सकेंगे। यह नया पुल श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण रास्ता साबित होगा और महाकाल मंदिर तक पहुंचने में सुविधा प्रदान करेगा।

More Stories
एमपी में जुलाई में मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी, पारा 36°C के पार; अगले 5 दिन भारी बारिश के आसार नहीं
डिजिटल अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार, इंदौर में IT पार्क और भोपाल में AI-रेडी डेटा सेंटर की तैयारी
भोपाल में कोचिंग सेंटरों पर फायर सेफ्टी जांच तेज, सुरक्षा उपकरणों की लगातार हो रही पड़ताल