नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने 2 अक्टूबर को विजयादशमी पर होने वाले अपने शताब्दी वर्ष कार्यक्रम में भारत के मौजूदा चीफ जस्टिस (सीजेआई) भूषण रामकृष्ण गवई की मां कमलताई गवई को मुख्य अतिथि बनाया है। महाराष्ट्र के अमरावती में होने वाले इस आयोजन को संघ की रणनीतिक सोच से जोडक़र देखा जा रहा है। इसके अलावा नागपुर मुख्यालय में होने वाले विजया दशमी कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मुख्य अतिथि होंगे।
बता दें कि कमलताई गवई, पूर्व राज्यपाल और अंबेडकरवादी आंदोलन के वरिष्ठ नेता आरएस गवई की पत्नी हैं। विदर्भ क्षेत्र में उन्होंने डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर स्मारक भूमि, दीक्षाभूमि के विकास और बौद्ध मेमोरियल के निर्माण में अहम भूमिका निभाई थी। गवई परिवार लंबे समय से दलित राजनीति और अंबेडकरवादी आंदोलन से जुड़ा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार संघ ने ऐसे समय में चीफ जस्टिस की मां कमलताई को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनाया है, जब हाल ही में सीजेआई गवई की एक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। खजुराहो स्थित जावरी मंदिर से जुड़ी याचिका पर उनकी टिप्पणी की आलोचना हुई और उन पर हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप लगे। मामला सोशल मीडिया पर जातीय बहस में भी बदल गया। इसके बाद गवई ने स्पष्ट किया कि वे सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। ऐसे में उनकी मां को संघ के शताब्दी कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि होने के कई मायने निकाले जा रहे हैं।
ये शख्सियतें भी शामिल हो चुकी हैं संघ आयोजन में
बता दें कि संघ की परंपरा रही है कि वह अपने बड़े आयोजनों में ऐसे लोगों को आमंत्रित करता रहा है, जो उसकी विचारधारा से सीधे तौर पर नहीं जुड़े होते, लेकिन समाज में प्रभावशाली हैं। इससे संघ खुद को समावेशी और व्यापक स्वीकार्यता वाला संगठन बताने की कोशिश करता है। इससे पहले संघ प्रणब मुखर्जी (पूर्व राष्ट्रपति), डॉ. कोप्पिल्लील राधाकृष्णन (पूर्व इसरो प्रमुख), शंकर महादेवन (गायक-संगीतकार), संतोष यादव (पहली महिला एवरेस्ट पर्वतारोही), जनरल रूकमंगुड कटवाल (नेपाल के पूर्व सेना प्रमुख), जेपी राजखोवा (असम के पूर्व मुख्य सचिव) और प्रमुख उद्योगपति डॉ. गंगा राजू को अपने बड़े आयोजनों में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित कर चुका है।

More Stories
Ahmedabad के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट पर, शहर में दहशत
भारतीय पासपोर्ट की ताकत में जबरदस्त उछाल, 10 पायदान चढ़कर 75वें स्थान पर पहुँचा, इन दो देशों से बढ़ी टेंशन
FASTag यूजर्स सावधान: नकली वेबसाइट और फर्जी QR कोड को लेकर NHAI की बड़ी चेतावनी