रायपुर
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर ने आज 26वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के समस्त विजेता खिलाडियो को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। गौरतलब है कि हरियाणा राज्य के पंचकूला में सम्पन्न हुई 26वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ 12वीं बार ओवर आल चैम्पियन बना है। छत्तीसगढ़ ने कुल 129 मेडल जीतकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कर्नाटक को पछाड़ते हुए पुन: अपना प्रथम स्थान कायम रखा।
वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर ने छत्तीसगढ़ राज्य की अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए वन विभाग को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने खिलाडियो का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इनके बेहतर प्रदर्शन से वन विभाग की टीम सहित पूरा छत्तीसगढ़ राज्य गौरवान्वित हुआ है। साथ ही विभागीय काम-काज में भी वन विभाग का बेहतर प्रदर्शन रहा है। इसके परिणाम स्वरूप वन विभाग को अपने विभागीय गतिविधियों के बेहतर संचालन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर 9 विभिन्न पुरस्कार भी प्राप्त हुए है।
छत्तीसगढ़ के वन विभाग टीम ने क्रिकेट में जम्मू कश्मीर को हराकर सातवीं बार गोल्ड मेडल प्राप्त किया। इसी तरह फुटबॉल में हरियाणा के टीम को हराकर छत्तीसगढ़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। हरियाणा की टीम में कई नेशनल खिलाड़ी शामिल थे। छत्तीसगढ़ की बॉस्केट बॉल टीम ने कर्नाटक की टीम को हराकर गोल्ड मेडल हासिल किया। वेटलिफ्टिंग पॉवरलिफ्टिंग में कुल 19 स्वर्ण, टेनिस में 12 स्वर्ण, बैडमिन्टन में 04 स्वर्ण, तैराकी में 06 स्वर्ण, एथलेटिक्स में 18 स्वर्ण, 10 रजत, 08 कांस्य पदक जीते हैं। इसी प्रकार टेनिस में 09 स्वर्ण और 02 रजत पदक प्राप्त किया है। इस तरह इस वर्ष की 26 वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने कुल 129 मेडल जीतकर कुल 509 अंक प्राप्त किए और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कर्नाटक को कड़ी प्रतिस्पर्धा में पछाड़ते हुए पुन: अपना प्रथम स्थान कायम रखा।

More Stories
CM विष्णुदेव साय से मिले कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, समसामयिक मुद्दों पर हुई चर्चा
संत कबीर का संदेश आज भी समाज और राष्ट्र के लिए पथप्रदर्शक : कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत
छत्तीसगढ़ के सभी 813 हज यात्रियों की स्वदेश वापसी पूरी, अंतिम जत्था मुंबई पहुंचा