नई दिल्ली। शुक्रवार दोपहर दिल्ली हाईकोर्ट में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक धमकी भरे ई-मेल से बम रखे होने की सूचना मिली। मेल में दावा किया गया था कि हाईकोर्ट परिसर में तीन बम प्लांट किए गए हैं और दोपहर 2 बजे तक हाईकोर्ट को खाली कर दिया जाए।
धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद सुरक्षा-प्रोटोकॉल के तहत तत्काल सभी जजों को उनके कक्षों से बाहर निकाला गया और वकीलों, कर्मचारियों व उपस्थित लोगों को परिसर खाली करने को कहा गया। मौके पर बम निरोधक दस्ते, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और कई अन्य सुरक्षा यूनिट्स ने पहुंचकर हाईकोर्ट और आसपास के इलाकों को सील कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी वाले ई-मेल में कुछ जाने-पहचाने नेताओं के नाम और राजनीतिक बयानबाजी भी दर्ज थी। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इसमें तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी डीएमके का भी जिक्र था। मेल में लिखा गया कि डॉ. एझिलान नागनाथन को डीएमके की कमान संभालनी चाहिए और उदयनिधि स्टालिन के बेटे इनबानिधि उदयनिधि को तेजाब से जलाने जैसी धमकी दी गई। धमकी वाले ई-मेल में यहां तक लिखा गया, कि एजेंसियों को भनक तक नहीं लगेगी कि यह अंदरूनी साजिश है। उदाहरण के तौर पर, दिल्ली हाईकोर्ट में आज का धमाका पिछले झांसों के संदेह को दूर कर देगा। दोपहर की नमाज़ के बाद जज चैंबर में विस्फोट होगा।
हाईकोर्ट की परिसर की सुरक्षा बढ़ाई
दिल्ली पुलिस ने धमकी वाले ई-मेल को गंभीरता से लेते हुए उसकी फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि मेल किस आईपी एड्रेस या सर्वर से भेजा गया और क्या मेल-हेडर में कोई तकनीकी छेड़छाड़ हुई है। जिन नेताओं और हस्तियों का इसमें नाम लिया गया है, उनकी सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। फिलहाल तलाशी अभियान के लिए सभी जजों और वकीलों समेत कर्मचारियों को कोर्ट परिसर से बाहर किया गया है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद ही हाईकोर्ट परिसर को सामान्य गतिविधियों के लिए खोला जाएगा।

More Stories
लिव-इन रिलेशनशिप और दहेज कानून: सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से मांगा स्पष्टीकरण
PMO का बदलेगा ठिकाना: साउथ ब्लॉक से ‘सेवा तीर्थ’ में शिफ्ट होंगी कैबिनेट मीटिंग्स
बांग्लादेश में तारिक रहमान के शपथ समारोह में PM मोदी को न्योता मिलने की तैयारी, BNP कर सकती है आमंत्रण