November 19, 2026

सतना में अवैध शराब को लेकर खूनी संघर्ष, जीजा-साले पर धारदार हथियार से हमला

सतना

 सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के धवारी स्थित अहिरान मोहल्ले में गुरुवार दोपहर अवैध शराब के कारोबार को लेकर विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। शराब पकड़ने की बात से नाराज आरोपियों ने जीजा-साले पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

शराब को लेकर दो पक्षों में विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, सुनील यादव और उनके साले कमलेश यादव पर केशव यादव उर्फ पुडक्कू, उसके पुत्र लल्ला और ऋषभ द्वारा धारदार हथियार से हमला किए जाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि अवैध शराब पकड़ने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने कथित तौर पर जीजा-साले पर हमला कर दिया।

अस्पताल में भर्ती घायल

हमले में घायल दोनों लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। अवैध शराब के कारोबार से जुड़े विवाद में धारदार हथियार से हमला किए जाने की घटना ने एक बार फिर शहर में अवैध गतिविधियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल, घटना के पीछे की पूरी वजह और हमले की परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।