पटना। बिहार चुनाव में एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर जारी असंतोष अब खुलकर सामने आने लगा है। बिहार में सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे पर मचे घमासान के बीच राष्ट्रीय लोक जनता दल (रालोमो) के प्रमुख एवं एनडीए घटक उपेंद्र कुशवाहा ने नाराजगी जताते हुए बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने एनडीए उम्मीदवारों के नामांकन का बहिष्कार करने की घोषणा की है और बुधवार को निर्धारित अपनी पार्टी की बैठक रद्द कर दिल्ली रवाना हो गए हैं, जहां वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे।
दरअसल, सीट बंटवारे की घोषणा के बाद रालोमो के खाते में आने वाली महुआ और दिनारा सीटों को क्रमश: लोजपा (रामविलास) और जदयू को दिए जाने की खबर सामने आई। इससे कुशवाहा खेमे में भारी असंतोष फैल गया। पार्टी ने पहले ही इन दोनों सीटों पर उम्मीदवार तय कर दिए थे, महुआ से दीपक कुशवाहा (उपेंद्र कुशवाहा के पुत्र) और दिनारा से आलोक सिंह को टिकट देने की तैयारी थी। लेकिन मंगलवार शाम जब सीटों के फेरबदल की सूचना मिली, तो रालोमो ने नाराजगी जताते हुये कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे एनडीए के किसी भी प्रत्याशी के नामांकन में शामिल न हों। यहां मीडिया से बातचीत में कुशवाहा ने खुलकर नाराजगी जताते हुए कहा, नथिंग इज वेल इन एनडीए। उन्होंने कहा कि पार्टी को भरोसे में लिए बिना सीटों में बदलाव करना अनुचित है और इससे गठबंधन की एकता पर सवाल खड़े होते हैं।
शाह के बुलावे पर स्थगित की पार्टी बैठक
कुशवाहा ने बुधवार को दोपहर पटना स्थित पार्टी कार्यालय में अपनी पार्टी की आपात बैठक बुलाई थी, जिसमें एनडीए में रालोमो की भविष्य की भूमिका और आगे की रणनीति तय की जानी थी। लेकिन अचानक गृह मंत्री अमित शाह के बुलावे पर उन्होंने बैठक स्थगित कर दी। कुशवाहा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से विमर्श करने दिल्ली के लिए प्रस्थान करना है। इसलिए आज की बैठक तत्काल स्थगित की जा रही है।

More Stories
कल का मौसम: दिल्ली-यूपी से बिहार और गुजरात तक बारिश का अलर्ट, 24 राज्यों के लिए IMD की चेतावनी
अमरनाथ यात्रा पर मौसम की मार, लगातार चौथे दिन भी नहीं खुला रास्ता, यात्रा ठप
PM मोदी का बड़ा ऐलान, NEET पेपर लीक पर सख्त एक्शन! 4 राज्यों में बनेंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट