पटना। बिहार में विधानसभा की 243 सीटों पर चुनाव का प्रचार ज़ोर पकड़ रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच 12 बड़ी रैलियाँ करेंगे। ज़रूरत पडऩे पर दूसरे चरण में उनकी कुछ और रैलियां होने की संभावना है। भाजपा ने एनडीए के प्रचार अभियान की विस्तृत योजना और स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। बताया गया है कि प्रधानमंत्री मोदी 23 अक्टूबर को सासाराम, गया और भागलपुर में रैलियों को संबोधित करेंगे। इसके बाद, वह 28 अक्टूबर को दरभंगा, मुजफ्फरपुर और पटना में रैलियां करेंगे। उनके तीसरे चरण में 1 नवंबर को छपरा, पूर्वी चंपारण और समस्तीपुर शामिल हैं। अंत में, 3 नवंबर को पश्चिमी चंपारण, सहरसा और अररिया जिले के फारबिसगंज में रैलियां होंगी। दूसरी ओर, महागठबंधन में शामिल कांग्रेस, राजद और अन्य दलों के बीच कुछ सीटों पर मतभेद अबतक बरकरार हैं। उन्होंने संयुक्त प्रचार, संयुक्त घोषणापत्र या कार्यक्रम नियोजन पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया है। प्रधानमंत्री की रैलियों की घोषणा तो हो गई है, लेकिन महागठबंधन का स्टार चेहरा कांग्रेस नेता राहुल गांधी अभी भी प्रचार अभियान से गायब हैं। बिहार में उनका पिछला कार्यक्रम 24 अगस्त को पटना में हुआ था। दक्षिण अमेरिका के दौरे से लौटने के बाद भी, उनका ध्यान बिहार पर केंद्रित होता नहीं दिख रहा है।
राहुल गांधी ने मिलने से किया इनकार
दिल्ली सूत्रों के अनुसार जब लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव दिल्ली गए, तो राहुल गांधी ने उनसे मुलाकात नहीं की। दरअसल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के.सी. वेणुगोपाल ने उनसे मुलाकात करने को कहा था। मगर सूत्रों का यही कहना है कि जिस प्रकार से बिहार में सीटों के बंटवारे को लेकर लालू परिवार ने मनमानी की है इससे राहुल गाँधी नाराज बताए जा रहे हैं, चूँकि राज्य में कांग्रेस का संगठन कमजोर है और राज्य में कांग्रेस नेताओं का मतदाताओं पर कोई खास प्रभाव नहीं है शायद ये भी कारन है कि फिलहाल राहुल गाँधी ने चुप्पी साध रखी है। वैसे राज्य में मुकाबला भले ही एनडीए और इंडिया अलायंस के बीच है, लेकिन असली मुकाबला मोदी और राहुल के बीच ही दिख रहा है। हालांकि प्रशांत किशोर के जनसुराज पक्ष ने इस संघर्ष को और भी दिलचस्प बना दिया है।

More Stories
असम चुनाव से पहले हिमंता का बड़ा कदम, लाखों महिलाओं के खाते में कैश और नौकरियों में आरक्षण का ऐलान
पहाड़ों में बदला मिजाज, गर्मी के बीच बारिश और बर्फबारी के संकेत
चारधाम यात्रा में लग सकता है रजिस्ट्रेशन शुल्क, कमेटी जल्द सरकार को देगी रिपोर्ट