रायपुर.
बस्तर जिले के बोधघाट पुलिस थाने ने पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय की एनुअल पुलिस स्टेशन रैंकिंग-2025 में प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना बनने का गौरव हासिल किया है। अपराध नियंत्रण, एनडीपीएस मामलों में प्रभावी कार्रवाई, कम्युनिटी पुलिसिंग, पुलिस स्टेशन प्रबंधन, इनोवेशन और एक्सीलेंस इन पुलिसिंग जैसे प्रमुख मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर यह सम्मान मिला है।
बस्तर पुलिस के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब किसी थाने को पूरे छत्तीसगढ़ में सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन का राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है। बस्तर आइजी बद्री नारायण मीणा ने बताया कि तत्कालीन थाना प्रभारी लीलाधर राठौड़ के नेतृत्व में किए गए कार्यों और वर्तमान थाना प्रभारी तामेश्वर चौहान सहित पूरे स्टाफ की टीमवर्क ने यह उपलब्धि दिलाई है। यह बस्तर पुलिस की जन-केंद्रित, पेशेवर और परिणाम आधारित कार्यशैली की पहचान है।
कई मानकों पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा यह सम्मान कम अपराध दर, केस सुलझाने की गति, सामुदायिक पुलिसिंग, बुनियादी ढांचा और सार्वजनिक सेवाओं के आधार पर प्रदान किया जाता है। इसका उद्देश्य पुलिसिंग में सुधार और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। छत्तीसगढ़ के संदर्भ में, पूर्व में राज्य के अन्य थानों, जैसे रायपुर के सिविल लाइंस या अन्य प्रमुख थानों को भी उनकी कार्यक्षमता के आधार पर जिला या संभाग स्तर पर सराहा गया है, किंतु राष्ट्रीय स्तर पर 'बेस्ट पुलिस स्टेशन' का यह खिताब बोधघाट के लिए ऐतिहासिक है।

More Stories
छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए नया नियम, एक हेक्टेयर भूमि पर लगाने होंगे 2,500 पौधे
‘जिसे कभी देखा नहीं, उसने मुझे पिता बना लिया’, राजनांदगांव में एक वोट से जीते पार्षद पर नया विवाद
डुमरतराई थोक बाजार से व्यापार एवं राेजगार दोनों को मिलेगा बढ़ावा – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय