नई दिल्ली
लोकसभा चुनाव से पहले इंडी गठबंधन को एक और झटका लगा है। दरअसल, आप ने पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। वहीं, आप के संजोयक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों और चंडीगढ़ की एक लोकसभा सीट पर उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है। दिल्ली के सीएम ने घोषणा की है कि जल्द ही सभी सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी एक पखवाड़े के भीतर पंजाब की 13 लोकसभा सीट और चंडीगढ़ की एक संसदीय सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। उन्होंने लोगों से आप के उम्मीदवारों की जीत के लिए आशीर्वाद मांगा। केजरीवाल ने पंजाब सरकार के राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत घर तक राशन पहुंचाने की योजना के लिए आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने कहा, ''दो साल पहले आपने अपना आशीर्वाद दिया था। आपने हमें 117 सीट में से 92 सीट दी। आपने पंजाब में इतिहास रचा।''
दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा, ''आज मैं फिर से हाथ जोड़कर आपका आशीर्वाद चाहता हूं। दो महीने बाद लोकसभा चुनाव होंगे। पंजाब में 13 (लोकसभा) सीट हैं, एक चंडीगढ़ में है। कुल 14 सीट होंगी।'' केजरीवाल ने कहा, ''आने वाले 10-15 दिनों में आप इन सभी 14 सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि जिस तरह आपने दो साल पहले हमें आशीर्वाद दिया था, उसी तरह इन सभी 14 सीट पर पार्टी को जीत दिलाएं।''
केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार की भी प्रशंसा की और कहा कि इसने पिछले दो वर्षों में ''बहुत काम'' किया है। उन्होंने प्रतिद्वंद्वी दलों पर हमला करते हुए कहा, ''अगर मैं आज आपसे पूछूं कि 75 साल में कांग्रेस ने इतने साल तक शासन किया, मुझे एक अच्छा काम बताएं जो पार्टी ने किया हो। (आपको) याद नहीं होगा। शिरोमणि अकाली दल ने इतने साल तक शासन किया, अगर मैं आपसे पूछूं कि उनका एक अच्छा काम बताएं। (आपको) याद नहीं होगा।''

More Stories
करारी हार के बाद ममता बनर्जी को झटका, कांग्रेस और लेफ्ट ने BJP के खिलाफ गठबंधन से किया इनकार
बंगाल की पहली बीजेपी सरकार के शपथ में भावनाएं, सम्मान और राजनीतिक संदेश
ममता बनर्जी का बड़ा यू-टर्न: भाजपा को रोकने के लिए वाम दलों से गठबंधन के संकेत