February 16, 2026

और कितने चैतन्यानंद?

महिलाओं से छेड़छाड़ और बलात्कार के आरोप में कई जेल में बंद, तो कई चल रहे फरार

नई दिल्ली। इन दिनों दिल्ली के एक मैनेजमेंट कॉलेज के संचालक स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती काफी सुर्खियों में है। स्वामी चैतन्यानंद पर 17 लड़कियों ने छेड़छाड़ और यौन शोषण का आरोप लगाया है। चैतन्यानंद फिलहाल फरार चल रहा है। दिल्ली पुलिस बाबा की तलाश में छापामारी कर रही है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। स्वामी चैतन्यानंद पर पहले भी 2009 और 2019 में महिलाओं ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। बता दें कि चैतन्यानंद सरस्वती पहला बाबा नहीं है, जिस पर महिलाओं-युवतियों ने इस तरह के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस कड़ी में देश के करीब दो दर्जन से ज्यादा ऐसे बाबा हैं जिन पर महिलाओं या उनकी अनुयायी शिष्याओं के साथ छेड़छाड़, यौन शोषण और बलात्कार जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। इनमें आसाराम बापू, गुरमीत राम रहीम, रामपाल और नित्यानंद सरस्वती का नाम ऐसे बाबाओं सूची में शीर्ष पर है। इनमें कुछ बाबा तो उम्रकैद की सजा काट रहे हैं या फिर अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।

बलात्कार के आरोप में जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम बापू खुद को आध्यात्मिक गुरु कहता है, जो कि 1970 के दशक की शुरुआत में सुर्खियों में आया और लाखों भक्त बनाए। अगस्त 2013 में उत्तर प्रदेश की एक 16 वर्षीय स्कूली छात्रा से दुष्कर्म के आरोप के बाद, आसाराम को गिरफ्तार किया गया, तब से वह जेल में बंद है। दो महीने बाद अक्टूबर 2013 में, आसाराम और उनके बेटे नारायण साईं पर सूरत स्थित अपने आश्रम में दो बहनों से दुष्कर्म का आरोप लगा। 5 साल न्यायिक हिरासत में रहने के बाद 2018 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई। फिलहाल वह जोधपुर जेल में कैद है।

साल 2010 में स्वामी नित्यानंद के खिलाफ अश्लीलता के मामले दर्ज हुए थे। उनकी कथित अश्लील सीडी सामने आई। उन्हें अभिनेत्री के साथ शारीरिक संबंध बनाते हुए दिखाया गया था। इसके बाद फॉरेंसिक लैब में हुई जांच में सीडी को सही बताया गया, लेकिन नित्यानंद के आश्रम ने उस सीडी की अमरीकी लैब की रिपोर्ट पेश की। इसके बाद बाबा नित्यानंद फरार हो गया, फिर भारत की पुलिस के हाथ नहीं लग सका।

दिल्ली का स्वामी भीमानंद खुद को इच्छाधारी संत बताता था। इच्छादारी संत के नाम से मशहूर स्वामी नागिन डांस के लिए चर्चा में रहते थे। 1997 में लाजपत नगर इलाके से पुलिस ने देह व्यापार में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

इसी तरह, लिस्ट में अपनी दो शिष्याओं के साथ दुष्कर्म के आरोप में 20 साल की जेल की सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम का भी नाम है। राम रहीम जैसे बाबाओं के लाखों अनुयाई और आर्थिक ताकत है। इन तथाकथित आध्यात्मिक गुरुओं पर अनुयायियों का अटूट विश्वास उन्हें पर्याप्त नैतिक और सामाजिक अधिकार प्रदान करता है, जो उन्हें मिलने वाले राजनीतिक समर्थन के साथ और भी प्रभावशाली हो जाता है।