नई दिल्ली
लोकसभा चुनाव के नतीजों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम सात बजे भाजपा मुख्यालय जा सकते हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी है। सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी शाम सात बजे कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं। बता दें कि रुझानों के मुताबिक, एनडीए 293 सीटों पर आगे चल रहा है। जबकि इंडिया गठबंधन 233 सीटों पर और अन्य 17 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
लोकसभा चुनाव में मंगलवार को मतगणना के शुरुआती रुझान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के लिए निराशाजनक साबित होते दिख रहे हैं। उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान जैसे प्रमुख हिन्दी भाषी राज्यों में उसकी करारी हार होती दिख रही है। हालांकि, इसके बावजूद करीब 293 सीटों के साथ उसके सरकार बनाने की उम्मीद बरकरार है।
ओडिशा, तेलंगाना और केरल में महत्वपूर्ण बढ़त के बावजूद भाजपा अपने दम पर बहुमत के आंकड़े से नीचे जाती दिख रही है। पिछले लोकसभा चुनावों में भाजपा के गढ़ के रूप में तब्दील हो चुके हिंदी पट्टी के राज्यों में दिख रही अप्रत्याशित हार से इतर ओडिशा, तेलंगाना और केरल में उसके लिए कुछ सांत्वना मिलती दिख रही है। एनडीए के मुकाबले के लिए बना प्रतिद्वंद्वी ‘इंडिया' गठबंधन करीब 233 सीटों पर आगे है।
पिछले चुनाव में भाजपा के पास 303 सीटें थीं, जबकि एनडीए के पास 350 से अधिक सीटें थीं। रुझानों से यह संकेत स्पष्ट दिख रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा के लिए जो 370 सीटों और एनडीए के लिए ‘400 पार' का दावा किया था, वह उसके करीब नहीं पहुंच पाएगी। अब तक के रुझानों ने एग्जिट पोल के अनुमानों को भी पूरी तरह से खारिज कर दिया है। अगर यही रुझान जारी रहा तो भाजपा को लोकसभा में बहुमत बनाए रखने के लिए तेलुगू देशम पार्टी, जनता दल (यूनाइटेड) और एकनाथ शिंदे की शिवसेना जैसे अपने सहयोगियों पर बहुत हद तक निर्भर रहना पड़ेगा।

More Stories
Developed India के लिए बड़ा फोकस, केंद्र ने कहा- सिर्फ सरकारी खर्च से नहीं होगा लक्ष्य पूरा
Kalyan-Latur Expressway: 8 KM लंबी टनल से सफर होगा आसान, 11 की जगह 5 घंटे में पहुंचेंगे
आर्टिकल 370 हटने के बाद कश्मीर में बदली तस्वीर, लोकल आतंकियों के आंकड़ों में गिरावट