टोक्यो। अमेरिकी टैरिफ से पूरी दुनिया में हडक़ंप मचा हुआ है। खासकर भारत के खिलाफ 50 फीसदी टैरिफ लगाने के कदम की दुनिया में हर तरफ आलोचना हो रही है। जानकार ट्रंप के इस कदम को आत्मघाती बताने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं। इन सबके बीच एक बड़ी खबर सामने आई है कि जापान के ट्रेड नेगोशिएटर 550 बिलयिन डॉलर के निवेश को अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के दौरे पर जाने वाले थे, लेकिन ऐन वक्त पर उन्होंने अपनी यह यात्रा टाल दी है। जापान की तरफ से यह यात्रा ऐसे में स्थगित की गई है, जब भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर टोक्यो में हैं।
दरअसल, जापान ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित 550 अरब डॉलर के निवेश पर बातचीत को अचानक रोक दिया है। जापान के शीर्ष व्यापार वार्ताकार रयोसेई अकाज़ावा ने गुरुवार को अपना अमेरिकी दौरा अंतिम क्षणों में रद्द कर दिया। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब जापान और अमेरिका के बीच टैरिफ कटौती और बड़े निवेश को लेकर सहमति बन चुकी थी। समझौते के तहत अमेरिका ने जापानी आयात पर शुल्क 25 प्रतिशत से घटाकर 15 प्रतिशत करने का वादा किया था, जबकि जापान 550 अरब डॉलर का निवेश करने को तैयार था। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि यह पैकेज ‘हमारा पैसा है, हम इसे अपनी मर्जी से निवेश करेंगे।’ साथ ही उन्होंने दावा किया कि मुनाफे का 90 प्रतिशत हिस्सा अमेरिका के पास रहेगा। इस पर जापानी अधिकारियों ने असहमति जताई और स्पष्ट किया कि निवेश पारस्परिक लाभ के सिद्धांत पर आधारित होगा।
जापानी सरकार के प्रवक्ता योशिमासा हायाशी ने बताया कि अमेरिकी पक्ष के साथ समन्वय के दौरान यह पाया गया कि प्रशासनिक स्तर पर अभी कुछ मुद्दों पर चर्चा की आवश्यकता है, इसलिए दौरे को रद्द किया गया। उन्होंने यह भी मांग की कि राष्ट्रपति आदेश में संशोधन कर ऑटो पार्ट्स पर शुल्क घटाया जाए और ओवरलैपिंग टैरिफ खत्म किए जाएं। इस बीच, जापानी मीडिया में कहा जा रहा है कि यह अभी तय नहीं है कि अकाज़ावा अपनी यात्रा को फिर से निर्धारित करेंगे या नहीं, वे अगले सप्ताह वॉशिंगटन जा सकते हैं। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29-30 अगस्त को जापान की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। उन्हें जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा ने 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया है। दोनों नेताओं के बीच रणनीतिक साझेदारी और क्वाड सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

More Stories
320 किमी/घंटा की रफ्तार से आ रहा तूफान! तीन देशों पर मंडराया खतरा, भारत के पड़ोस में अलर्ट
Bangladesh Hindu Family Murder: रंगपुर में एक ही हिंदू परिवार के 4 लोगों की हत्या, छत-सीढ़ियों-बेड के नीचे मिले शव
जापान में जोरदार भूकंप से हड़कंप! टोक्यो में अफरातफरी, 23 लोग घायल