February 17, 2026

अल्बानिया के पीएम ने अपनी सरकार में ‘एआई’ को मंत्री बनाया

तिराना। दक्षिण-पूर्व यूरोपीय देश अल्बानिया की सरकार ने अब अपने यहां कार्यपालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार खत्म करने और समय पर काम करने के लिए अब एआई का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। अल्बानिया के प्रधानमंत्री एडी रामा ने अपनी कैबिनेट में एआई बोट दीएला को शामिल किया है। कैबिनेट मंत्री के रूप में डिजिटल बोट को शामिल किया गया है। प्रधानमंत्री ने दावा किया है, इससे भ्रष्टाचार की अंधेरी गलियों से बाहर निकलने में मदद मिलेगी। सरकारी कामकाज त्वरित गति से होंगे। भ्रष्टाचार समाप्त होगा। बता दें कि यह दुनिया की पहली एआई कैबिनेट मंत्री होगी।

प्रधानमंत्री ने एडी रामा ने इस एआई कैबिनेट मंत्री सार्वजनिक खरीद के दायित्व को सौंपा है। सरकारी खरीद में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की शिकायत मिलती थी। इसको रोकने के लिए एआई बोट को कैबिनेट में शामिल किया गया है। इसे कैबिनेट मंत्री के अधिकार दिए गए हैं। प्रधानमंत्री ने दावा किया है,अल्बानिया जल्द ही 100 फ़ीसदी भ्रष्टाचार से मुक्त होगा। अल्बानिया की राजधानी तिराना में सत्तारूढ़ सोशलिस्ट पार्टी के सम्मेलन में उन्होंने इसकी घोषणा करते हुए जानकारी दी। एआई तकनीकी से लैस इस डिजिटल बोट को अल्बानिया की पोशाक में एआई अल्बानिया के पोर्टल पर शामिल किया गया है।

अल्बानिया में सरकारी खरीद की टेंडर प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और घोटाले के आरोप लगते रहे हैं। प्रधानमंत्री का कहना है, वह 2030 तक यूरोपीय यूनियन में शामिल होना चाहते हैं। इसके लिए वह अल्बानिया को पूरी तरह से भ्रष्टाचार मुक्त राष्ट्र बनाना चाहते हैं। अल्बानिया की आबादी मात्र 28 लाख की है। यहां पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होता है। जनवरी 2025 में एआई अल्बानिया प्लेटफार्म को लॉन्च किया गया था। आम नागरिकों और कारोबारियों के लिए सरकारी सेवाओं को उपलब्ध कराने के लिए इसका उपयोग किया जा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक स्टैंप और वॉइस कमांड से दीएला ने नौकरशाही की लेट लतीफी को कम करने में मदद की है। अभी तक उसने 40000 से अधिक दस्तावेजों को जारी किया है। यह एआई मॉडल बड़े अच्छे तरीके से काम कर रही है।