आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में शुक्रवार देर रात न्यू आगरा के नगला बूढ़ी क्षेत्र में एक भयावह सडक़ हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तेज रफ्तार एसयूवी कार ने सडक़ किनारे घर के बाहर बैठे लोगों को कुचल दिया, जिसमें पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन पांच लोगों की जान नहीं बच सकी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर से टकराने के बाद दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में मृतकों की पहचान भानु प्रताप मिश्रा (33 वर्ष), बबली (38 वर्ष), गोलू (23 वर्ष), कमल (23 वर्ष) और सतीश (23 वर्ष) के रूप में हुई। भानु फूड डिलीवरी बॉय थे, जो दयालबाग मार्ग पर बाइक से जा रहे थे। बबली अपने बेटे गोलू के साथ बाजार से कपड़े खरीदकर लौटी थीं। कमल और सतीश पेंटर थे, जो शाम को टहल रहे थे। घायल गोलू और एक अन्य का इलाज चल रहा है। मृतका बबली के भाई पिंटू ने बताया कि चालक नशे में लग रहा था। उसने पुलिस चेकिंग देखकर स्पीड बढ़ाई, जिससे हादसा हुआ। कार ने 150 मीटर तक कहर बरपाया और तीन पलटियां खाकर रुकी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक जताया। उन्होंने घायलों के मुफ्त इलाज और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता के निर्देश दिए। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लिया है। उसके खून के नमूने नशे की जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी है, ताकि दोषी को सजा और पीडि़तों को न्याय मिल सके।

More Stories
असम में एसआर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का बयान: ‘योग्य मतदाताओं को शामिल करना ही उद्देश्य’
PM से मुलाकात के बाद सुंदर पिचाई बोले— एआई के क्षेत्र में भारत करने जा रहा है असाधारण प्रगति
एक क्लिक, एक कत्ल: Blinkit से मंगाया गया हथियार, हत्या के बाद दर्ज हुआ केस