नई दिल्ली.
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने शनिवार को कहा कि हिंदू धर्म सभी संप्रदायों का सम्मान करता है और भारत में कभी भी उन मुद्दों पर झगड़े नहीं हुए, जिनकी वजह से आज हमास-इजराइल के बीच युद्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह हिंदुओं का देश है और यहां मुसलमान भी सबसे ज्यादा सुरक्षित है। यह केवल हिंदू ही कर सकता है।
मोहन भागवत, छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक के 350 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यहां एक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। भागवत ने कहा, ''इस देश में एक धर्म, संस्कृति ऐसी है, जो सभी संप्रदायों और आस्थाओं का सम्मान करती है। वह है हिंदू धर्म। यह हिंदुओं का देश है। इसका मतलब यह नहीं है कि हम अन्य सभी (धर्मों) को अस्वीकार करते हैं। यहां जब आप हिंदू कहते हैं तो यह बताने की जरूरत नहीं होती कि मुसलमानों को भी सुरक्षा दी गई है। केवल हिंदू ही ऐसा करते हैं। केवल भारत ही ऐसा करता है। दूसरे देशों में ऐसा नहीं होता।''
उन्होंने कहा, ''सभी जगह संघर्ष हो रहे हैं। आपने यूक्रेन युद्ध, हमास-इजराइल युद्ध के बारे में तो सुना ही होगा। हमारे देश में ऐसे मुद्दों पर कभी युद्ध नहीं हुए। शिवाजी महाराज के समय में हुआ आक्रमण उसी प्रकार का था। लेकिन हमने इस मुद्दे पर कभी किसी से लड़ाई नहीं लड़ी। इसीलिए हम हिंदू हैं।''
बता दें कि 7 अक्टूबर को इजरायल पर हमास के हमले के बाद करीब 1400 लोग मारे गए। इसके बाद इजरायल ने गाजा और वेस्ट बैंक को निशाना बनाया। गाजा में करीब 4300 फिलिस्तीनी मारे गए हैं। वहीं गाजा के अस्पताल पर मिसाइल अटैक में ही 500 से ज्यादा लोग मारे गए थे। गाजा में इजरायल की तरफ से सप्लाई रोके जाने के बाद लोग भूख और प्यास से मरने लगे। अस्पताल और स्कूल ठप हो गए। अब लेबनाना का आतंकी संगठन हिजबुल्लाह भी हमास के साथ आ गया है। ऐसे में इजरायल और हमास के बीच लंबे संघर्ष का खतरा बना हुआ है।

More Stories
तमिलनाडु के तिरुवल्लुर में फैक्ट्री हादसा, अमोनिया गैस रिसाव से 2 की मौत
NEET परीक्षा के बीच PM मोदी का संवेदनशील फैसला, एयरपोर्ट पर किया इंतजार
योग दिवस पर नौसेना का कमाल, INS सतवाहन में पानी के भीतर योगासन का प्रदर्शन