रायपुर
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल राजधानी रायपुर स्थित अम्बेडकर चौक में नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की नवीन प्रतिमा स्थापना हेतु आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक श्री कुलदीप जुनेजा, महापौर श्री एजाज ढेबर, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष श्री ज्ञानेश शर्मा एवँ जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि अंबेडकर जयंती के दिन यह बात सामने आयी कि बाबा साहब की वर्तमान मूर्ति बहुत पुरानी और खण्डित हो गई है इसलिए इसके स्थान पर नई मूर्ति की स्थापना की जाये। यह जिम्मेदारी नगर निगम को दी गई, निगम ने इसके लिए टेंडर निकाला, प्रक्रिया पूर्ण की और मूर्ति भी अब निमार्णाधीन है। आज मूर्ति स्थापना कार्य का भूमि पूजन किया जा रहा है, इस अवसर पर मैं आप सभी को बधाई एवँ शुभकामनाएं देता हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में बाबा साहब ने जो रास्ता दिखाया है उसी रास्ते पर चलकर हम समाज और देश को आगे ले जा सकते हैं। उन्होंने हमें जो संविधान दिया है वह सभी देशवासियों के लिए सबसे बड़ी ताकत है। इसी संविधान के तहत हम सभी को अधिकार और बहुत सी स्वतंत्रताएं मिली हैं। अब यदि संविधान को कमजोर करने का प्रयास किया जाएगा तो यह देशवासियों को कमजोर करने का प्रयास होगा, जिससे देश भी कमजोर होगा। संविधान को सर्वोच्च मानते हुए संविधान की रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है क्योंकि यही संविधान हम सभी को अधिकार सम्पन्न बनाता है।

More Stories
एल-नीनो की चुनौती को अवसर में बदलें किसान- कृषि विभाग
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु रायगढ़ में विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
साय सरकार की पहल से श्रमिक परिवारों के बच्चों को मिलेगा बेहतर भविष्य, सरकार उठाएगी पढ़ाई का पूरा खर्च