रायपुर
एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि केंद्रीय बजट में छत्तीसगढ़ के विकास के लिए खजाना खोल दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पांच मेडिकल हब बनेंगे और रायपुर एयरपोर्ट को कृषि कार्गो पोर्ट के तौर पर विकसित किया जाएगा।
केंद्रीय ऊर्जा, आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने सिविल लाइन स्थित न्यू सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता को संबोधित किया। उन्होंने केंद्रीय बजट को देश के अगले 25 वर्षों का फाइनेंशियल विजन बताया। सरकार के 11 वर्षों के विकास कार्यों का लेखा-जोखा साझा करते हुए उन्होंने कहा कि यह बजट आर्थिक मजबूती, इंफ्रास्ट्रक्चर और गरीब व मध्यम वर्ग के सशक्तीकरण पर केंद्रित है।
प्रदेश को मिली बड़ी सौगात
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि बजट में छत्तीसगढ़ को कुल 50,427 करोड़ रुपये मिले हैं। इसमें राज्य सरकार को सीधे 9,704 करोड़ रुपये और रेलवे विकास के लिए 7,770 करोड़ रुपये शामिल हैं। रेल नेटवर्क विस्तार के तहत ब्रॉडगेज और रायपुर-दुर्ग सहित कई जिलों में आधुनिक रेलवे स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा 34 हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं की घोषणा की गई है।
कृषि, स्वास्थ्य और पर्यावरण पर फोकस
रायपुर एयरपोर्ट को कृषि कार्गो पोर्ट के रूप में विकसित किए जाने से किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। अमृत सरोवर योजना के तहत मछली पालन को बढ़ावा दिया जाएगा। कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए कार्बन कैप्चर स्टोरेज हेतु 20 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रदेश में एक लाख स्वास्थ्यकर्मी और 1.5 लाख परिचारक तैयार किए जाएंगे। साथ ही पांच मेडिकल हब स्थापित किए जाएंगे। शिक्षा क्षेत्र में देशभर में पांच यूनिवर्सिटी हब विकसित किए जाएंगे।
केंद्र की अन्य योजनाएं
बजट में 67 हजार करोड़ रुपये मुद्रा लोन के लिए, दो करोड़ आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दो करोड़ 80 लाख आवासों की स्वीकृति और स्वच्छ भारत मिशन की राशि दोगुनी की गई है। शहरी स्ट्रीट वेंडर्स के लिए 25 हजार करोड़ रुपये का भी प्रावधान किया गया है। कोयले के ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम और कार्गो कोस्टल ट्रांसपोर्टेशन पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
इस अवसर पर केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, अखिलेश सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

More Stories
कौशल से आत्मनिर्भरता तक: Chandrakanti Nage बनीं मिसाल, ‘नारी शक्ति सम्मान’ से सम्मानित
“मन की बात” में छत्तीसगढ़ का निरंतर जिक्र गौरव की बात : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
Steel Authority of India Limited में मैनपॉवर कॉस्ट पर असर, छंटनी की चर्चा तेज; कुल कर्मचारी 117818