नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने शुक्रवार को एक साथ 1,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दीं, जिससे पूरे देश में हवाई यातायात ठप्प हो गया। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, पुणे, अहमदाबाद समेत सभी बड़े हवाई अड्डों पर हजारों यात्री फंस गए। गुस्साए यात्रियों ने काउंटरों पर हंगामा किया। सामान को लेकर झगड़े हुए और कई जगह स्टाफ से बदसलूकी की खबरें आईं। दूसरी एयरलाइंस के टिकटों के दाम रातोंरात कई गुना बढ़ गए। इस संकट की सबसे बड़ी मार दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पड़ी, जहां एक दिन में सभी 235 घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गईं।
इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने वीडियो संदेश में इसे सिस्टम रीबूट करार दिया और कहा कि यह कदम ऑपरेशन को फिर से पटरी पर लाने के लिए जरूरी था। उन्होंने दावा किया कि शनिवार से रद्द उड़ानों की संख्या 1000 से काफी कम रहेगी और 10-15 दिसंबर तक स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी। कंपनी ने उड़ान रद्द होने की वजह पायलटों की कमी, खराब मौसम, तकनीकी खराबी और नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिट (एफडीटीएल) नियमों को बताया। खासकर नवंबर से लागू एफडीटीएल के दूसरे चरण में रात की ड्यूटी पर सख्ती बढऩे से इंडिगो की तैयारी उजागर हो गई। पायलट यूनियनों का आरोप है कि कंपनी लंबे समय से जानबूझकर कम स्टाफ रख रही थी, जिसका खामियाजा अब यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
इन हवाई अड्डों पर उड़ाने रद्द हुईं
हवाई अड्डों पर अफरा-तफरी का आलम यह था कि पुणे में 16 आगमन और 16 प्रस्थान, अहमदाबाद में 86 और मध्य प्रदेश के विभिन्न हवाई अड्डों पर 85 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं। इंडिगो ने माफी मांगी और वादा किया कि सभी रद्द टिकटों का पूरा रिफंड मूल भुगतान माध्यम से होगा। साथ ही 5 से 15 दिसंबर तक की बुकिंग पर कैंसिलेशन या तारीख बदलने पर कोई चार्ज नहीं लिया जाएगा। प्रभावित यात्रियों के लिए होटल और सडक़ परिवहन की व्यवस्था भी की जा रही है। लेकिन ज्यादातर यात्री शिकायत कर रहे हैं कि ये सिर्फ कागजी घोषणाएं हैं, जमीन पर कोई राहत नहीं मिल रही। इस बीच डीजीसीए ने इंडिगो को रात्रि ड्यूटी नियमों से 10 फरवरी 2026 तक अस्थायी छूट दे दी है, लेकिन साप्ताहिक 48 घंटे अनिवार्य आराम के नियम में कोई रियायत नहीं दी गई है।

More Stories
मोहन भागवत बोले- पाकिस्तान से भारत आए लोग शरणार्थी नहीं, देश के लिए संघर्ष करने वाले योद्धा थे
Amarnath Yatra 2026: ‘बम बम भोले’ के जयघोष के बीच पहला जत्था रवाना, एलजी मनोज सिन्हा ने दिखाई हरी झंडी
WhatsApp के नए Username फीचर पर सरकार की नजर, फ्रॉड की आशंका के बीच होगी जांच