रंगारेड्डी। तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में सोमवार सुबह एक सडक़ हादसे में 24 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई घायल हो गये। यह दुर्घटना उस समय हुई जब गिट्टी से भरे एक तेज रफ्तार डंपर ने राज्य परिवहन निगम की बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और डंपर पर लदी गिट्टी बस के अंदर यात्रियों पर गिर गई, जिससे कई लोग गिट्टी के नीचे दब गए।
पुलिस के अनुसार आरटीसी बस तंदूर से हैदराबाद जा रही थी। बस में 70 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिनमें कॉलेज के छात्र ज्यादा थे। ये छात्र रविवार को घर पर छुट्टी बिताने के बाद सोमवार सुबह कॉलेजों के लिए हैदराबाद लौट रहे थे। हादसा रंगारेड्डी जिले के चेवेल्ला क्षेत्र में खानपुर गेट के पास हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि डंपर का चालक तेज रफ्तार में वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद डंपर सीधे बस से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रहस्त हो गया और डंपर की गिट्टी यात्रियों पर गिर पड़ी। हादसे में 24 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हो गये। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। गिट्टी में दबे यात्रियों को निकालने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों और बाद में हैदराबाद रेफर किया गया। हादसे पर तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मुख्य सचिव और डीजीपी को तुरंत राहत एवं बचाव कार्य करने के निर्देश दिए। सीएम ने अधिकारियों को घायलों को बेहतर चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। साथ ही उन्होंने हादसे की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है।

More Stories
भारत में जल्द शुरू होगी एयर टैक्सी सेवा, AI समिट में पेश हुआ मॉडल; 8 मिनट में तय करेगी 36 KM
दिल्ली से मेरठ की दूरी हुई कम, नमो भारत ट्रेन से अब सिर्फ 39 मिनट में सफर
यूनुस के जाते ही बदले हालात: तारिक रहमान सरकार के फैसले से सुधरने लगे भारत-बांग्लादेश रिश्ते