जिला अध्यक्ष की नियुक्ति से नाराज सतना के कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय पर धरने पर बैठे

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने पिछले पखवाड़े प्रदेश के सभी 71 संगठनात्मक जिलों के अध्यक्षों की घोषणा की थी। जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा के बाद से ही प्रदेश के कई जिलों में बवंडर मचा हुआ हैं। सतना शहर अध्यक्ष बनाए गए आरिफ इकबाल सिद्दीकी के खिलाफ युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मकसूद अहमद शेरू सोमवार को भोपाल पहुंचे और प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए।

शेरू ने बताया कि जिस दिन से संगठन सृजन अभियान की सूची जारी हुई है, मैं उस दिन से शहर जिला अध्यक्ष को खोज रहा हूं कि इसका मालिक कौन है और ये कहां से आए हैं? बहुत जानकारी जुटाने के बाद पता चला कि इनके पूर्वज बिहार के रहने वाले हैं। सतना में इन्होंने न ही कभी कोई कार्यक्रम किया न कभी धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में और भी संघर्षशील कार्यकर्ता थे, उनमें से किसी को बना देते। आपने ऐसे पुतले को दे दिया, जिसे कोई जानता पहचानता नहीं हैं। कहीं न कहीं इसमें कुछ तो गड़बड़ी हुई है।

जिला अध्यक्ष की नियुक्ति में खेल हुआ है
शेरू ने कहा कि मैं किसी के ऊपर कोई सवाल नहीं उठा रहा हूं। राहुल जी, जीतू पटवारी, उमंग सिंघार, दिग्विजय सिंह, अजय सिंह हमारे नेता हैं। हम सिर्फ यह पूछना चाहते हैं, राहुल गांधी ने जो कहा था कि जिलाध्यक्ष की सहमति से टिकट वितरण होगा। निश्चित ही इसमें कुछ तो खेल हुआ है। अनिल चौधरी को राहुल गांधी जी ने पर्यवेक्षक बनाकर भेजा था। उनकी लिस्ट पर हमें पूरा भरोसा है। वह लिस्ट दिखा दी जाए मैं संतुष्ट हो जाउंगा। उन्होंने कहा कि मैं अनिश्चित काल के लिए बैठा हूं। मैंने सतना में भी उन्हें ढूंढने का प्रयास किया। मैं भोपाल आया, शीर्ष नेतृत्व से मिला और जब संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो मैंने कहा कि उन्हें बदलकर किसी को भी बना दीजिए।