ईशा तलवार के खुलासे ने बॉलीवुड में हलचल मचा दी

मुंबई। बालीवुड एक्ट्रेस ईशा तलवार ने हाल ही में एक गंभीर आरोप लगाकर हलचल मचा दी है। उन्होंने यशराज फिल्म्स की जानी-मानी कास्टिंग डायरेक्टर शानू शर्मा पर पब्लिक प्लेस में बेहद असहज करने वाली मांग करने का आरोप लगाया है। ईशा ने बताया कि यह वाकया मुंबई के वर्सोवा स्थित एक भीड़भाड़ वाले रेस्तरां मिया कुकिना का है, जहां उन्हें एक रोल के लिए बुलाया गया था।

ईशा तलवार ने सोशल मीडिया पर अपना अनुभव साझा करते हुये बताया कि कैसे इस घटना ने उनके आत्मविश्वास को गहरा धक्का पहुंचाया। वेब सीरीज मिर्जापुर, सास बहू और फ्लेमिंगो और फिल्म आर्टिकल 15 में दमदार अभिनय के लिए पहचानी जाने वाली ईशा के मुताबिक, शानू शर्मा के साथ बैठक के दौरान अचानक उनसे कहा गया कि उन्हें सबके सामने रोकर दिखाना होगा, ताकि देखा जा सके कि वह किरदार में उतर सकती हैं या नहीं। ईशा ने कहा, रेस्तरां के वेटर्स और ग्राहकों के बीच इस तरह की मांग से वे न केवल असहज हो गईं, बल्कि उन्हें यह अपमानजनक भी लगा। एक्ट्रेस ने इस अप्रत्याशित घटना करार देते हुए सवाल उठाया कि एक बड़ी प्रोडक्शन हाउस का कास्टिंग डायरेक्टर क्यों किसी भीड़भाड़ वाली जगह को ऑडिशन के लिए चुनता है।

ईशा ने कहा कि, एक कास्टिंग डायरेक्टर को चाहिए कि वह या तो उचित सेट तैयार करे या फिर किराए पर कोई प्राइवेट स्पेस ले जहां कलाकार खुलकर परफॉर्म कर सके। उन्होंने कहा कि उन्होंने उस पल में सबके सामने रोने से इनकार कर दिया था और इसीलिए उन्हें वह रोल नहीं मिला। हालांकि, ईशा को इस बात का कोई पछतावा नहीं है।