21 सितंबर से कांग्रेस के 71 जिला अध्यक्षों की  भोपाल में लगेगी क्लास

भोपाल। नये जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर उपजे तमाम अंतरविरोधों और खींचतान के बीच कांग्रेस का प्रदेश नेतृत्व ‘संगठन सृजन अभियान’ को सफल बनाने में जुटा हुआ है। प्रदेश कांग्रेस का नेतृत्व 21 से 23 सितंबर तक तीन दिन प्रदेश के सभी 71 नये जिला अध्यक्षों की क्लास लगायेगा। उनसे एक महीने पहले राहुल गांधी द्वारा सौंपे गए कामों की रिपोर्ट लेने के साथ आगे रणनीति पर मंथन करेगा।

कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार इस बैठक में पहले दिन 21 सितंबर को प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रभारी हरीश चौधरी भोपाल संभाग के भोपाल शहर, ग्रामीण जिलों के साथ विदिशा, रायसेन, राजगढ़ और सीहोर जिले के अध्यक्षों के साथ चर्चा की जाएगी। इसी दिन बैठक के अगले दौर में नर्मदापुरम संभाग के नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा जिलों के अध्यक्षों के साथ दोनों नेता चर्चा करेंगे। अगले दिन 22 सितंबर को ग्वालियर चंबल संभाग और इंदौर संभाग के जिला अध्यक्षों से भी चर्चा होगी। प्रदेश नेतृत्व 23 सितंबर को उज्जैन और सागर संभाग के अध्यक्षों के साथ बैठक करेगा।

जिला अध्यक्षों से ली जाएगी रिपोर्ट
बैठक में जिला अध्यक्षों से पूछा जाएगा कि पिछले एक माह के दौरान उन्होंने क्या-क्या काम किया और काम करने में उन्हें किस तरह की परेशानी आ रही है। जिले में उन्हें किसका कितना सहयोग मिल रहा है। साथ ही पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए उनके द्वारा क्या कदम उठाए जा रहे हैं और इसके लिए उनकी क्या रणनीति है।

पचमढ़ी में 25 सितंबर से दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर
प्रदेश कांग्रेस इसके बाद 25 सिंतबर से 5 अक्टूबर तक पचमढ़ी में 10 दिवसीय जिला अध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने जा रही है। इस शिविर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े सहित कांग्रेस के तमाम बड़े नेता नये जिला अध्यक्षों से बात करेंगे और राजनीति का प्रशिक्षण देंगे। जिला अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में कांग्रेस को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ सामंज्स्य बैठाने के तरीके बतायेंगे।