November 27, 2026

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NSE) बना बाजार पूंजीकरण के लिहाज से दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज

 

मुंबई नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NSE) ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए बाजार पूंजीकरण के लिहाज से दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज बनने का गौरव प्राप्त किया है। NSE काबाजार मूल्यांकन 64.1 अरब डॉलर (लगभग ₹6 लाख करोड़) तक पहुंच गया है।

इस उपलब्धि के साथ NSE ने जर्मनी के डॉयचे बोर्स एजी (Deutsche Boerse AG) को पीछे छोड़ दिया है, जिसका बाजार पूंजीकरण 63.4 अरब डॉलर है। वहीं, 62.4 अरब डॉलर के बाजार मूल्यांकन के साथ लंदन स्टॉक एक्सचेंज भी NSE से पीछे रह गया है। वैश्विक स्तर पर NSE अब केवल CME ग्रुप इंक. (111.6 अरब डॉलर) और इंटरकॉन्टिनेंटल एक्सचेंज (99.4 अरब डॉलर) से पीछे है।

यह उपलब्धि NSE की कॉर्पोरेट यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है और वैश्विक एक्सचेंज समूहों के बीच उसकी बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाती है। NSE का बाजार पूंजीकरण लगभग ₹6 लाख करोड़ तक पहुंचना वैश्विक वित्तीय बाजारों में उसकी मजबूत होती स्थिति को रेखांकित करता है।

लिस्टिंग के बाद से NSE के शेयरों में लगातार तेजी देखने को मिली है। नवंबर में अब तक हुए 18 कारोबारी सत्रों में से 14 सत्रों में शेयर ने बढ़त दर्ज की है। 26 नवंबर को NSE का शेयर ₹2,400 के अपने अब तक के सर्वोच्च सूचीबद्ध स्तर (पोस्ट-लिस्टिंग हाई) पर पहुंच गया। रिपोर्ट लिखे जाने के समय शेयर ₹2,375 पर कारोबार कर रहा था, जिससे कंपनी का बाजार पूंजीकरण बढ़कर 64.1 अरब डॉलर हो गया।

NSE की लिस्टिंग 24 सितंबर, 2026 को ₹1,800 प्रति शेयर के भाव पर हुई थी, जबकि इसका इश्यू प्राइस ₹1,785 था। इस प्रकार, इश्यू प्राइस की तुलना में NSE के शेयर में अब तक लगभग 33 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के साथ NSE ने वैश्विक वित्तीय बाजारों में एक अग्रणी एक्सचेंज और बाजार अवसंरचना संस्थान (Market Infrastructure Institution) के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत किया है। यह उपलब्धि भारतीय पूंजी बाजार में NSE की महत्वपूर्ण भूमिका और दुनिया के प्रमुख वित्तीय एक्सचेंजों के बीच उसकी बढ़ती उपस्थिति को दर्शाती है।