एक्ट्रेस श्वेता त्रिपाठी बोलीं-ये नाटक मानवीय अनुभव है
मुंबई। समलैगिंक कहानी पर आधारित नाटक ‘कॉक’ को मुंबई-दिल्ली के दर्शकों की खूब सराहना मिल रही है। अभिनेत्री और निर्माता श्वेता त्रिपाठी का यह नाटक न केवल अपनी प्रस्तुति, बल्कि विषयवस्तु की वजह से चर्चाओं में है। एक्ट्रेस श्वेता त्रिपाठी कहती हैं कि क्वीर (समलैगिंक) कहानियां केवल किसी महीने या मौके के लिए नहीं होतीं, बल्कि ये मानवीय अनुभव हैं, जिन्हें साल भर सम्मान और मंच मिलना चाहिए।
‘कॉक’, ब्रिटिश लेखक माइक बार्टलेट द्वारा लिखित और मनीष गांधी द्वारा निर्देशित एक बोल्ड और संवेदनशील नाटक है। इसकी कहानी एक पुरुष के इर्द-गिर्द घूमती है जो अपने पुरुष साथी और एक महिला के बीच के भावनात्मक और यौन आकर्षण को लेकर उलझन में है। यह नाटक प्यार, पहचान और सेक्सुअलिटी जैसे विषयों को गहराई से छूता है। यह भारतीय रंगमंच में एलजीबीटीक्यू प्लस समुदाय (समलैङ्क्षगक) के प्रतिनिधित्व को लेकर अहम बातचीत की शुरुआत करता है। श्वेता त्रिपाठी ने इस नाटक को अपनी स्टेज प्रोडक्शन कंपनी ऑलमायटी के बैनर तले प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि यह दुनिया विविधताओं से भरी है, और हमें उन्हें दिखाना चाहिए। श्वेता अब इस नाटक को देश के अन्य हिस्सों में ले जाने की योजना बना रही हैं। उनका इरादा 2025 और 2026 तक ‘कॉक’ को और अधिक शहरों में प्रस्तुत करने का है, ताकि ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक इसकी भावनात्मक पहुंच बनाई जा सके।
नाटक के अलावा श्वेता एक क्वीर (समलैगिंक) प्रेम कहानी पर आधारित अपनी पहली फिल्म के निर्माण की तैयारी भी कर रही हैं। संवेदनशील विषय को छूती यह फिल्म क्वीर समुदाय की भावनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास है। श्वेता त्रिपाठी का यह नाटक विविधता को मंच देने के साथ संवेदना और सच्चाई को स्वीकारने का जरिया भी है। अभिनय की बात करें तो, श्वेता त्रिपाठी को हाल ही में साल 2023 में रिलीज़ हुई कॉमेडी फिल्म ‘कंजूस मखीचूस’ में देखा गया था। यह फिल्म प्रसिद्ध गुजराती नाटक ‘सजन रे झूठ मत बोलो’ पर आधारित है।

More Stories
ऑस्कर 2026 में प्रेजेंटर बनेंगी प्रियंका चोपड़ा, खुशखबरी सुनते ही जाकिर खान ने दी बधाई
‘राहु केतु’ OTT रिलीज: वरुण शर्मा-पुलकित सम्राट की कॉमेडी अब घर बैठे देखें, जानें कहां स्ट्रीम हो रही फिल्म
ब्रिटनी स्पीयर्स गिरफ्तार: जेल में कटी रात, अब कोर्ट में पेशी से पहले क्या है पूरा मामला?