February 17, 2026

ट्रंप से टकराव… रूसी राष्ट्रपति पुतिन दिसंबर में भारत में आयेंगे

नई दिल्ली। टैरिफ को लेकर जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड टं्रप भारत पर आंखें तरेर रहे हैं, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इसी साल दिसंबर महीने में भारत आने वाले हैं। इसकी पुष्टि करते हुये क्रेमलिन के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आगामी सोमवार को चीन में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी और पुतिन की मुलाकात होगी, जहां दोनों नेता पुतिन की दिसंबर यात्रा की तैयारियों पर चर्चा करेंगे। इससे पहले भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने भी संकेत दिया था कि पुतिन जल्द ही भारत आएंगे, हालांकि उस समय यात्रा की तारीखें तय नहीं हुई थीं। डोभाल ने भारत-रूस के पुराने रिश्तों पर जोर देते हुए कहा कि दोनों देश इस संबंध को बहुत महत्व देते हैं।

पुतिन की भारत यात्रा की घोषणा ऐसे समय हुई है जब अमेरिका ने भारत पर रूस से तेल आयात को लेकर अतिरिक्त 25 फीसदी टैरिफ लगा दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस कदम को रूस के खिलाफ दबाव बनाने के प्रयास के तौर पर लिया है। ट्रंप का आरोप है कि भारत डिस्काउंट पर रूस से तेल खरीदकर उसे उच्च दाम पर वैश्विक बाजार में बेचकर भारी मुनाफा कमा रहा है। उन्होंने कहा था कि भारत को इससे फर्क नहीं पड़ता कि यूके्रन में रूस की मशीनरी से कितने लोग मारे जा रहे हैं।

भारत ने अमेरिकी टैरिफ को अनुचित, गैर-न्यायसंगत और अस्वीकार्य करार दिया है। भारत का कहना है कि जब अमेरिका और यूरोप भी रूस से ऊर्जा खरीद रहे थे, तो भारत पर ऐसे आरोप लगाना उचित नहीं है। फरवरी 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद पश्चिमी देशों ने रूस की कमाई पर रोक लगाने की कोशिश की, लेकिन यूरोप के बाजार बंद होने के कारण रूस ने अपना तेल भारत और चीन जैसे देशों को दिया। इसके कारण रूस की अरबों डॉलर की कमाई हो रही है।