रायपुर
बलौदाबाजार कलेक्टर व एसपी दफ्तर में आगजनी व तोड़फोड़ की घटना को लेकर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने शनिवार को भीम रेजीमेंट के रायपुर संभाग के अध्यक्ष जीवराखन बांधे को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक घटना के बाद जीवराखन बांधे साथियों के साथ जगदलपुर के रास्ते विशाखापट्नम भागने की तैयारी में था। बलौदाबाजार पुलिस के एसआइटी ने जीवराखन के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई, जिसके बाद उसे पकड़ने में मदद मिली। पुलिस ने घटना के वक्त मौजूद वीडियो फुटेज, फोटोग्राफ्स, इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित तथ्यों के आधार पर भीम रेजीमेंट के पदाधिकारी की गिरफ्तारी की।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में घटना से जुड़े अन्य संगठनों के पदाधिकारियों की गिरफ्तारी की जा सकती है। जीवराखन मंदिर हसौद का रहने वाला बताया जा रहा है। दो दिन पहले वह जगदलपुर गया था। बलौदाबाजार हिंसा के मामले में पुलिस ने अब तक आठ लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है, वहीं 132 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। भीम रेजीमेंट के अलावा, भीम क्रांतिवीर जैसे अन्य संगठनों पर भी एसआइटी की नजर बनी हुई है।
घटना से संबंधित वीडियो, रील्स को हटाने के निर्देश
घटना के बाद बलौदाबाजार जिला प्रशासन ने इंटरनेट मीडिया निगरानी समिति का गठन किया है। कलेक्टर दीपक सोनी ने इस संबंध में शनिवार को आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया है कि घटना के संबंध में इंटरनेट मीडिया पर भड़काऊ वीडियो, रील्स व बयानबाजी को तत्काल हटाया जाए।
इस पर कड़ी निगरानी की रखी जाए। चार सदस्यीय समिति संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेगी। घटना के बाद पुलिस ने बलौदाबाजार में खुले में पेट्रोल बेचने पर लागू प्रतिबंध को कड़ाई से पालन करवाने के निर्देश दिए हैं।

More Stories
महिला सशक्तिकरण से विकसित छत्तीसगढ़ का सपना होगा साकार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
ट्रेन हादसे के दर्द पर ‘सेवा संकल्प’ का मरहम, धमतरी के तेजराम को दो घंटे में मिला कृत्रिम हाथ, लौटी जिंदगी की रंगत
सेवा संकल्प अभियान: ‘निदान-03’ शिविर से दिव्यांगजनों की जिंदगी में आ रहा सकारात्मक बदलाव