नई दिल्ली
कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के मतदाताओं का आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय राजधानी की सभी सात सीट पर ‘इंडिया' गठबंधन के उम्मीदवारों को जिताएं क्योंकि यह लोकसभा चुनाव देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा कि यह चुनाव बेरोज़गारी, महंगाई, संवैधानिक संस्थाओं पर आक्रमण जैसे मुद्दों पर लड़ा जा रहा है।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मेरे प्यारे दिल्ली वासियों, यह एक बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है। यह चुनाव देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। यह चुनाव बेरोज़गारी, महंगाई, संवैधानिक संस्थाओं पर आक्रमण जैसे मुद्दों पर लड़ा जा रहा है। आपको इस लड़ाई में अपनी भूमिका निभानी है।'' उनका कहना था, ‘‘आपका हर एक वोट रोज़गार बनाएगा, महंगाई कम करेगा, महिलाओं को सशक्त करेगा और एक सुनहरे भविष्य में समता और बराबरी का भारत बनाएगा। ''
सोनिया गांधी ने कहा, ‘‘मैं आपसे अपील करती हूं कि कांग्रेस और ‘इंडिया' गठबंधन के उम्मीदवारों को दिल्ली की सातों सीटों पर भारी मतों से विजयी बनाएं।'' दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीट पर 25 मई को मतदान होना है। यहां कांग्रेस तीन और उसकी सहयोगी आम आदमी पार्टी चार सीट पर चुनाव लड़ रही है।

More Stories
राम गोपाल यादव के WhatsApp पर लगी रोक, रोज 5 हजार लोगों को भेजते थे
राज्यसभा चुनाव विवाद गहराया, मीनाक्षी नटराजन जाएंगी हाई कोर्ट; बोलीं- नामांकन रद्द करना साजिश
बिना हेडलाइट दौड़ती रहीं सरकारी बसें! मोबाइल टॉर्च के सहारे सफर, कर्नाटक में KKRTC पर सियासी घमासान