नई दिल्ली
भारत के पूर्व बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने आईपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस के कल्चर को लेकर एक चौंकाने वाला दावा किया है। रायुडू मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल चुके हैं और वह इस दौरान खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा भी रहे हैं। अंबाती रायुडू के मुताबिक चेन्नई सुपर किंग्स की टीम काफी रिलैक्स यूनिट है, वहीं दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस के लिए ज्यादा समय तक खेलने वाला खिलाड़ी अपना मानसिक संतुलन खो सकता है। फैंस को रायुडू का ये बयान चौंकाने वाला लगा, क्योंकि पूर्व बल्लेबाज मुंबई इंडियंस के लिए लंबे समय तक खेल चुका है।
अंबाती रायुडू ने मुंबई इंडियंस के लिए 114 आईपीएल मैच खेलते हुए 2416 रन बनाए और इस दौरान वह मुंबई के लिए आठ सीजन तक खेले। स्टार स्पोर्ट्स के एक शो में रायुडू ने कहा, ''चेन्नई सुपर किंग्स प्रोसेस पर फोकस करती है और उनका मूड और मूड स्विंग रिजल्ट की वजह से नहीं होता है। मुंबई का थोड़ा अलग है। मुंबई की टीम ज्यादातर जीतना चाहती है और उनका कल्चर ऐसा है कि जीतने पर ही सब कुछ निर्भर करता है और ऐसा कल्चर भी बनाते हैं कि जीतना ही है। जीतने से समझौता नहीं होता है।''
उन्होंने आगे कहा, ''सीएसके और मुंबई में अलग-अलग कल्चर है, लेकिन अंत में दोनों काफी मेहनत करते हैं। मुझे लगता है कि सीएसके के पास काफी बेहतर माहौल है। एमआई में ज्यादा खेलेंगे तो दिमाग फट जाएगा। जब मैं मुंबई के लिए खेलता था तो मेरे गेम में काफी सुधार हुआ। यदि आपने मैच नहीं जीता होता, तो उन्हें कोई बहाना नहीं दिखता, आखिर में आपको प्रदर्शन करना होगा। एमआई के पास ऐसा माहौल है जहां आप बेहतर होते जाते हैं और सीएसके के पास ऐसा माहौल है। वहां आपको बेहतर बना दिया जाता है, वो भी आराम से।''

More Stories
RCB vs SRH: टॉप-2 की रेस में हाई-वोल्टेज आईपीएल मुकाबला
रोहित शर्मा की फिटनेस पर सवाल, 2027 वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर संशय
1983 वर्ल्ड कप जीत के जश्न का वायरल बिल निकला फर्जी, कीर्ति आजाद ने किया खुलासा