लुधियाना
पंजाब में दो खूंखार गैंगों के बीच फंसकर जान गंवाने वाले लोकप्रिय पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता राजनीति में उतरेंगे। चर्चा है कि वह कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा में उतरने जा रहे हैं। इससे पहले कई बार राजनीति में न आने की बात कहने वाले बलकौर सिंह को अब कांग्रेस ने चुनाव लड़ने के लिए मना लिया है। कांग्रेस उन्हें बठिंडा सीट से चुनावी मैदान में उतार सकती है। दो महीने पहले सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने राजनीति में आने के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि हम राजनीति क्यों न करें। उन्होंने पूर्व सीएम बेअंत सिंह की हत्या का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके पोते ने सांसद बनने के बाद कातिलों को सजा दिलाई।
बलकौर सिंह ने रवनीत सिंह बिट्टू का उदाहरण देते हुए कहा था कि ऐसे में अगर वह भी न्याय के लिए ऐसा करते हैं तो इसमें कोई गलत बात नहीं। रवनीत सिंह बिट्टू सूबे के पूर्व सीएम बेअंत सिंह के पोते हैं और लुधियाना से सांसद रहे हैं। अब उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया है और उसके टिकट पर ही इस बार मैदान में उतरे हैं। बलकौर सिंह को कांग्रेस लोकसभा के लिए पहले ही ऑफर कर चुकी है, लेकिन तब उन्होंने राजनीति में आने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा था कि वह मूसेवाला के प्रशंसकों से बातचीत करेंगे।
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पहले कह चुके हैं कि अगर बलकौर सिंह चुनाव लड़ना चाहते हैं तो कांग्रेस उन्हें टिकट देने को तैयार है। सिद्धू मूसेवाला ने खुद 2022 में कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा था, हालांकि वह चुनाव हार गए थे। कांग्रेस अगर बलकौर सिंह को लोकसभा चुनाव के लिए बठिंडा से मैदान में उतारती है तो यहां मुकाबला दिलचस्प हो जाएगा। बठिंडा अकाली दल का गढ़ है और यहां से हरसिमरत कौर बादल सांसद हैं। अकाली दल इस बार भी उन्हीं को टिकट देगा। इस सीट पर भाजपा अकाली नेता सिकन्दर सिंह मलूका की पुत्र वधू परमपाल कौर को टिकट दे सकती है। परमपाल कौर आईएएस हैं और उन्होंने कल ही अपने पद से इस्तीफा दिया है।

More Stories
यूसुफ पठान के कदम से बढ़ीं अटकलें, शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के बाद ममता बनर्जी को लग सकता है डबल झटका
राज्यसभा में BJP का बड़ा दांव! उपचुनाव के बाद वही रहेंगे तीनों सांसद, बदलेगी सिर्फ पार्टी
TMC में बढ़ा सियासी घमासान! नेता प्रतिपक्ष पद, पार्टी दफ्तर के बाद अब बैंक खाते पर भी विवाद