भोपाल
पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक कल्याण एवं विमुक्त घुमन्तु और अर्द्ध-घुमन्तु कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा है कि प्रदेश की विमुक्त घुमन्तु और अर्द्ध-घुमन्तु जातियों का डेटाबेस तैयार किया जायेगा। डेटाबेस के आधार पर परिवारों को विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जायेगा। राज्य शासन इस दिशा में कार्य कर रहा है। राज्य मंत्री श्रीमती गौर ने यह जानकारी केन्द्र सरकार के विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्ध-घुमन्तु कल्याण बोर्ड के सदस्य भरत भाई पाटनी को दी। बोर्ड के सदस्य पाटनी मंत्रालय में राज्य मंत्री श्रीमती गौर से मिलने आये थे।
राज्य मंत्री श्रीमती गौर ने विमुक्त घुमन्तु और अर्द्ध-घुमन्तु जातियों के डाटाबेस तैयार करने के लिये सर्वे के प्रस्ताव को बोर्ड में भेजे जाने की जानकारी भी दी। इस पर बोर्ड के सदस्य पाटनी ने राज्य सरकार के प्रस्ताव को जल्द स्वीकृत कराने की बात कही।पाटनी ने बोर्ड द्वारा विमुक्त घुमन्तु और अर्द्ध-घुमन्तु जातियों के कल्याण के लिये किये जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने प्रदेश में विमुक्त घुमन्तु और अर्द्ध-घुमन्तु जातियों के कल्याण के लिये किये जा रहे कार्यक्रम समर्थ पोर्टल की सराहना की। अपर मुख्य सचिव पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण तथा विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्ध-घुमन्तु अजीत केसरी ने विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों पर प्रस्तुतिकरण दिया। प्रदेश के विमुक्त घुमक्कड़, अर्द्ध-घुमक्कड़ जाति विकास अभिकरण के अध्यक्ष बाबूलाल बंजारा, आयुक्त विमुक्त घुमन्तु, अर्द्ध-घुमन्तु कल्याण सौरभ कुमार सुमन और अधिकारी उपस्थित थे।

More Stories
उपमुख्यमंत्री शुक्ल से एम्स भोपाल के प्रतिनिधिमंडल की भेंट, ऑर्गन ट्रांसप्लांट गतिविधियों पर चर्चा
बंगाल में सीएम मोहन का 86% स्ट्राइक रेट: 7 सीटों पर प्रचार, 6 पर बीजेपी की जीत
हाईकोर्ट का फैसला: ‘अनुकंपा नियुक्ति’ में बेटे को नौकरी में प्राथमिकता, संपत्ति का अधिकार नहीं