नई दिल्ली
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बहुपक्षीय आपदा प्रबंधन योजना लागू की है और इसके तहत सरकार ने त्वरित कार्रवाई बल स्थापित करने के साथ ही पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित की है जिससे लाखों लोगों की जान बचाने में मदद मिली।
शाह ने कहा कि एक आपदा रोधी देश के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री ने आपदाओं के प्रति भारत की प्रतिक्रिया में ‘शून्य-हताहत' दृष्टिकोण अपनाया है और अब आपदा प्रतिक्रिया दल हर व्यक्ति को सुरक्षित करने के लक्ष्य से प्रेरित होकर पूरी तरह से पेशेवर बल के रूप में काम करते हैं। शाह ने ‘एक्स' पर ‘आपदा रोधी भारत' हैशटैग के साथ पोस्ट किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने एक बहुपक्षीय आपदा प्रबंधन योजना लागू की है। इस दृष्टिकोण के तहत मोदी सरकार ने त्वरित प्रतिक्रिया बल स्थापित किये और सतर्क पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित की जिससे लाखों लोगों की जान बचाई गई।''
गृह मंत्री ने कहा कि मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आज किसी भी आपदा से निपट सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार के ‘मिशन जीरो कैजुअल्टी' (हताहतों की संख्या शून्य रखने का अभियान) के कारण ‘बिपरजॉय' जैसा विनाशकारी चक्रवात आने पर भी किसी की जान नहीं गई। यह चक्रवात पिछले साल जून में गुजरात में आया था।

More Stories
महाराष्ट्र में UCC लागू करने की तैयारी तेज, 15 नवंबर तक जनता दे सकेगी सुझाव
टाइगर श्रॉफ के पास मुंबई में ताबड़तोड़ फायरिंग! जुहू में 3 लोगों ने चलाई गोलियां, अभिनेता सुरक्षित
रूबियो के जामनगर दौरे से पहले बदले एलन मस्क के सुर, रिलायंस की तारीफ के पीछे क्या है वजह?