श्रीनगर
एनआईए ने श्रीनगर से लेकर जम्मू तक 15 जगहों पर प्रतिबंधित जमाते इस्लामी के नेताओं के ठिकानों समेत इनसे संबंधित संगठनों के कार्यालयों की तलाशी ली। जांच एजेंसी ने एक इमाम और एक स्कूल के प्रबंधक समेत चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया है।
यह कार्रवाई आतंकी फंडिंग और जम्मू-कश्मीर में आतंकी व अलगाववादी गतिविधियों में जमाते इस्लामी की रही भूमिका की जांच के सिलसिले में की गई है।
यह सामान किया जब्त
एनआईए ने 20 लाख रुपये की नकदी, मोबाइल फोन व सिमकार्ड, लैपटाप, वित्तीय लेनदेन से संबंधित कुछ दस्तावेज और बैंक पासबुक व अचल संपत्ति से जुड़े कुछ दस्तावेज जांच के लिए जब्त करने की जानकारी दी है।
एनआई के अधिकारियों ने ये बताया
एनआईए के अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को श्रीनगर में पांच, बड़गाम में तीन, कुलगाम में दो, अनंतनाग में एक और जम्मू में चार जगहों पर तलाशी ली गई है। हालांकि एनआईए ने उन लोगों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं, जिनके ठिकानों की तलाशी ली गई।
एनआईए ने पुष्टि नहीं की है, लेकिन जम्मू से खालिद महमूद और स्कूल प्रबंधक व एक इमाम समेत चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
पहले ही चार आरपितों के खिलाफ आरोपपत्र कर चुकी है दायर
एनआईए के प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में छापेमारी पांच फरवरी, 2021 में दर्ज मामले में की गई है। प्रतिबंध के बावजूद जमाते इस्लामी कश्मीर के नेता व कार्यकर्ता जम्मू-कश्मीर में कल्याणकारी गतिविधियों के नाम पर देश-विदेश से चंदा लेकर इसका इस्तेमाल राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में इस्तेमाल कर रहे हैं।
हिजबुल मुजाहिदीन और लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठनों के लिए भी जमात पैसे का बंदोबस्त करता है और आतंकी गतिविधियों के लिए स्थानीय युवाओं को भी बरगलाता है। इस मामले में एनआईए पहले ही चार आरोपितों के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दायर कर चुकी है।

More Stories
अमेरिका में तेल संकट गहराया, 1982 के बाद सबसे निचले स्तर पर पहुंचा रणनीतिक भंडार
8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग में 140% सैलरी बढ़ने का दावा क्यों? समझें पूरा गणित
RSS को हिंदुत्व की बढ़ती धमक का श्रेय, विजयादशमी उत्सव में बोले संजय गुप्त