नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज पंजाब के दौरे पर हैं। अरविंद केजरीवाल ने सीएम भगवंत मान के साथ शनिवार को फतेहगढ़ साहिब के अमलोह से घर-घर मुफ्त राशन योजना को लांच किया। इस दौरान केजरीवाल और भगवंत मान ने अमलोह के गांव दारा सिंह वाला में खुद गलियों में घूम कर लोगों को राशन बांटा और उन्हें योजना के बारे में बताया।
एक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा, ‘‘आज मैं फिर से हाथ जोड़कर आपका आशीर्वाद चाहता हूं। दो महीने बाद लोकसभा चुनाव होंगे। पंजाब में 13 (लोकसभा) सीट हैं, एक चंडीगढ़ में है। कुल 14 सीट होंगी।'' केजरीवाल ने कहा, ‘‘आने वाले 10-15 दिनों में आप इन सभी 14 सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि जिस तरह आपने दो साल पहले हमें आशीर्वाद दिया था, उसी तरह इन सभी 14 सीट पर पार्टी को जीत दिलाएं।'' केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी फरवरी के आखिरी हफ्ते में पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर देगी। इसी के साथ चंडीगढ़ में भी प्रत्याशी का नाम पार्टी की ओर से घोषित कर दिया जाएगा।
मान सरकार की प्रशंसा की
केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार की भी प्रशंसा की और कहा कि इसने पिछले दो वर्षों में ‘‘बहुत काम'' किया है। उन्होंने प्रतिद्वंद्वी दलों पर हमला करते हुए कहा, ‘‘अगर मैं आज आपसे पूछूं कि 75 साल में कांग्रेस ने इतने साल तक शासन किया, मुझे एक अच्छा काम बताएं जो पार्टी ने किया हो। (आपको) याद नहीं होगा। शिरोमणि अकाली दल ने इतने साल तक शासन किया, अगर मैं आपसे पूछूं कि उनका एक अच्छा काम बताएं। (आपको) याद नहीं होगा।''
दिल्ली में भी वेरका का दफ्तर खुलेगा- भगवंत मान
अमलोह के बाद सीएम मान और अरविंद केजरीवाल खन्ना पहुंचे और योजना के तहत वाहनों को हरी झंडी दिखाई। सीएम मान लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अब लोगों को घर बैठे आटा, दाल, चावल और चीनी मिलेगी। इस स्कीम से 24.49 लाख लोगो को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब रे रंग उभरने शुरू हो गए हैं और ये रंग जनता द्वारा भरे जा रहे हैं। उन्होंने लोगों को खुशखबरी देते हुए कहा कि वेरका को दिल्ली में मंजूरी मिल गई है। अब दिल्ली में भी वेरका का दफ्तर खुलेगा और लोगों के घरों में वेरका का दूध जाएगा। वहीं इसके बाद बंगाल के वेरका दफ्तर को खोला जाएगा।

More Stories
करारी हार के बाद ममता बनर्जी को झटका, कांग्रेस और लेफ्ट ने BJP के खिलाफ गठबंधन से किया इनकार
बंगाल की पहली बीजेपी सरकार के शपथ में भावनाएं, सम्मान और राजनीतिक संदेश
ममता बनर्जी का बड़ा यू-टर्न: भाजपा को रोकने के लिए वाम दलों से गठबंधन के संकेत