बेलगोरोद
रूसी युद्ध विमान ने गुरुवार रात को एक बड़ी गलती कर दी। यूक्रेन से जंग के बीच रूस के फाइटर प्लेन ने अपने ही देश के शहर बेलगोरोद में बम गिरा दिया। इसके चलते करीब 40 मीटर की दूरी में गड्ढा हो गया। यही नहीं आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। एक कार भी बम के गिरने से तबाह हो गई। रूस का Su-34 फाइटर जेट बेलगोरोद शहर के ऊपर से गुजर रहा था, इसी दौरान यह बम गिर गया। बेलगोरोद शहर यूक्रेन से सटा हुआ है और उसकी उत्तरी सीमा से लगता है। रूसी न्यूज एजेंसी TASS ने इस घटना की जानकारी दी है।
रूसी रक्षा मंत्री के हवाले से एजेंसी ने बताया, 'स्थानीय समयानुसार 22:15 पर Su-34 फाइटर जेट बेलगोरोद शहर के ऊपर से गुजर रहा था। इसी दौरान गलती से यह बम गिर गया।' बेलगोरोद के मेयर वेलेंटाइन डेमिडोव ने टेलीग्राम चैनल पर लिखा कि बम गिरने से कई अपार्टमेंट्स में इमारतों को नुकसान पहुंचा है। यही नहीं बम गिरने से हुए धमाके के चलते दो लोग जख्मी भी हुए हैं। बीते साल ही Su-34 फाइटर जेट्स को रूसी सेना ने अपने बेड़े में शामिल किया था। रूसी मीडिया ने इस बात की जानकारी दी थी। हालांकि यह नहीं बताया था कि कितने फाइटर जेट्स को शामिल किया गया है।
कहा जा रहा है कि रूस के लिए यह फाइटर जेट्स कमजोर साबित हुए हैं। यूक्रेन से जंग की शुरुआत के बाद से ही इनमें से 10 फीसदी या उससे ज्यादा नष्ट कर दिए गए। नीदरलैंड स्थित एक इंटेलिजेंस वेबसाइट Oryx का दावा है कि यूक्रेन से जंग के बाद से अब तक रूस के 19 Su-34 फाइटर जेट तबाह हुए हैं। ऐसे में रूस के हथियारों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। गौरतलब है कि रूस ने बीते साल 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमला बोला था और तब से ही दोनों देशों के बीच जंग जारी है। फिलहाल इस जंग के थमने के भी कोई संकेत नहीं मिले हैं।

More Stories
ईरान ने फिर शुरू किया अंडरग्राउंड मिसाइलों का निर्माण, अमेरिका-इजरायल के दावों पर उठे सवाल
हम अपने घर जाना चाहते हैं…’ PAK में जबरन धर्म परिवर्तन-निकाह का आरोप, अदालत के बाहर रोती रहीं दो हिंदू बहनें
समुद्र के बीच बनेगा दुनिया का पहला एनर्जी आइलैंड, 3.5 GW बिजली पैदा करने की तैयारी