नई दिल्ली.
भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में शानदार प्रदर्शन किया और लगातार दूसरी जीत दर्ज की। तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करके 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 235 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 191 रन बना सकी।
भारतीय टीम ने दूसरा टी20 इंटरनेशनल मैच 44 रन से जीता और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाई। याद दिला दें कि सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने पहला टी20 इंटरनेशनल मैच एक गेंद शेष रहते दो विकेट से जीता था। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का तीसरा मुकाबला मंगलवार को गुवाहाटी में खेला जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया को दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में करारी मात देने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपने साथियों और रिंकू सिंह की पारी की जमकर तारीफ की। सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद कहा, 'लड़कों ने मुझ पर ज्यादा दबाव नहीं बनाया है। उन्होंने अपनी जिम्मेदारी उठाई है। मैंने टॉस से पूर्व उन्हें कहा था कि पहले बल्लेबाजी करने के लिए तैयार रहना। तीन ओवर के बाद काफी ज्यादा ओस थी तो लड़कों को कहा था कि अपने ऊपर विश्वास रखें।'
सूर्यकुमार यादव ने रिंकू सिंह की जमकर तारीफ की। रिंकू ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में केवल 9 गेंदों में चार चौके और दो छक्के की मदद से नाबाद 31 रन बनाए। भारतीय कप्तान ने कहा, 'जब मैंने रिंकू को पिछले मैच में देखा था तो उनका शांत वाला स्वाभाव शानदार रहा। इस मैच के प्रयासों ने हम सभी को याद दिला दिया कि यह भारत के लिए कौन करता था।'
भारत के पास गुवाहाटी में तीसरा मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करने की होगी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के लिए यह मुकाबला करो या मरो की स्थिति का होगा। ऑस्ट्रेलिया को हर हाल में अगला मैच जीतने की जरुरत है, वरना सीरीज उसके हाथों से फिसल जाएगी।

More Stories
IND vs WI: केएल राहुल का नाबाद शतक, रोहित के 92 रन से भारत ने खड़ा किया 351 रनों का पहाड़
मोहसिन नकवी का सपना चकनाचूर, जन-गण-मन पर सावधान खड़ी रही पाकिस्तान टीम, भारत का दबदबा
रोहित शर्मा ने बतौर ओपनर पूरे किए 10 हजार रन, सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटा