मिलान
पिछले दो विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहे इटली ने अगले साल होने वाली यूरोपीय फुटबाल चैंपियनशिप में अपनी जगह सुरक्षित करके राहत की सांस ली। इटली के अलावा स्लोवेनिया और चेक गणराज्य ने भी यूरो 2024 के लिए क्वालीफाई किया। चेक गणराज्य के कोच जारोस्लाव सिलहावी ने मोल्दोवा के खिलाफ अंतिम सीटी बजने के तुरंत बाद इस्तीफा दे दिया। पिछले पांच साल से इस पद पर बने सिलहावी ने कहा कि उन्होंने मैच से पहले ही यह निर्णय कर लिया था।
इटली को ग्रुप सी में दूसरा स्थान हासिल करने और प्लेऑफ से बचने के लिए केवल एक अंक की जरूरत थी। उसने यूक्रेन के खिलाफ गोल रहित ड्रा खेल कर यह महत्वपूर्ण अंक अर्जित किया और जर्मनी में होने वाले यूरो 2024 के लिए क्वालीफाई किया। इटली प्लेऑफ में हारने के कारण पिछले दो विश्व कप के लिए क्वालीफाई ही नहीं कर पाया था।
यूक्रेन को ग्रुप में दूसरा स्थान हासिल करने के लिए इटली पर जीत की जरूरत थी। उसे अब प्लेऑफ में खेलना पड़ेगा। इंग्लैंड इस ग्रुप से पहले ही क्वालीफाई कर चुका था। उसने उत्तरी मेसेडोनिया से 1-1 से ड्रॉ खेल कर अपना अजेय अभियान जारी रखा। स्लोवेनिया और चेक गणराज्य को भी यूरो 2024 में जगह बनाने के लिए एक अंक की जरूरत थी। स्लोवेनिया ने कजाखस्तान को 2-1 से जबकि चेक गणराज्य ने मोल्दोवा को 3-0 से हराया।

More Stories
ट्राई सीरीज में इंडिया A का मजबूत स्कोर, अफगानिस्तान A के सामने 320 रनों की चुनौती
नीदरलैंड्स से भिड़ेगी भारतीय महिला टीम, बल्लेबाजी में सुधार पर रहेगा फोकस
आज सीरीज जीतने उतरेगा भारत, लखनऊ में अफगानिस्तान से दूसरा वनडे मुकाबला